
– भाजपा नेता अंकित आनंद, छात्र रिशांत ओझा एवं अभिभावक और स्कूल की प्रिंसिपल को उपस्थित रहने का निर्देश


बेल्डीह चर्च स्कूल परिसर में फ़रवरी महीने में सातवीं कक्षा के रिशांत ओझा पर साथी छात्र द्वारा क्रूर हमला और इसके बाद रिशांत के इलाज में स्कूल प्रबंधन के स्तर से बरती गई लापरवाही मामले की जाँच प्रारंभ होगी। जिला शिक्षा अधीक्षक विनीत कुमार के आदेश पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुब्रता महतो मामले की अनुसंधान करेंगी। जाँच के लिए बीईईओ मंगलवार को स्कूल परिसर के वारदात स्थल पर जायेंगी। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग में भाजपा नेता अंकित आनंद ने स्कूल प्रबंधन कि लापरवाही के विरुद्ध परिवाद दायर किया था। आयोग के निर्देश पर मामले की जाँच हो रही है। लगभग आठ महीनों से मामला ठंडे बस्ते में बंद पड़ी थी। पिछले दिनों इस प्रकरण को लेकर भाजपा नेता अंकित आनंद ने जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखकर जाँच में सुस्ती पर सवाल उठाये थे। डीएसई ने तीन दिनों के भीतर जाँच प्रतिवेदन जमा करने के लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को निर्देशित किया है। बीईईओ ने इस बाबत कांड से जुड़े विभिन्न हितधारकों को नोटिस भेजकर जाँच में सहयोग करने का निवेदन किया है। इस मामले में मंगलवार को घायल छात्र रिशांत ओझा और उनके अभिभावक समेत भाजपा सह शिक्षा सत्याग्रह नेता अंकित आनंद एवं बेल्डीह चर्च स्कूल की प्रधानाचार्या को मौजूद रहने का निर्देश है। नोटिस में जिक्र है कि मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से स्कूल परिसर में सभी हितधारकों की मौजूदगी में मामले की जाँच की जायेगी।

