जमशेदपुर, ।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर में ‘उन्नत भारत अभियान’ (UBA) के अंतर्गत उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन प्रातः 10:00 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं विशिष्ट अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों के ज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी विशेषज्ञता को ग्रामीण विकास से जोड़ना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धाराओं को पहुँचाना रहा।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
समारोह का आरंभ औपचारिक प्रस्तावना, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। पूरे सभागार में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणादायी वातावरण का संचार हुआ। अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप प्रदान किया गया।
ग्रामीण विकास में संस्थानों की भूमिका
आरसीआई प्रमुख डॉ. शक्ति प्रसाद ने स्वागत भाषण में ‘उन्नत भारत अभियान’ की अवधारणा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. पी. के. सिंह ने ग्रामीण विकास में संस्थागत सहयोग को अनिवार्य बताया। वहीं मुख्य वक्ता वरुण विद्यार्थी ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि नवाचार आधारित समाधान से गांवों की चुनौतियों का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।
नवाचार और सतत विकास पर जोर
विशेष वक्ता डॉ. पुष्पेंद्र यादव ने आधुनिक तकनीक और स्थानीय संसाधनों के समन्वय को ग्रामीण परिवर्तन की कुंजी बताया। मुख्य अतिथि डॉ. विक्रम तिवारी ने इस अभियान को राष्ट्र निर्माण की दिशा में दूरदर्शी पहल बताते हुए शिक्षा और समाज के बीच सेतु करार दिया।
प्रो. सतीश कुमार ने उच्च शिक्षण संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी पर बल देते हुए ग्राम–संस्थान सहभागिता को सशक्त बनाने की आवश्यकता जताई।
READ MORE :RANCHI NEWS :क्रिकेट सीजन ने मेट्रो शहरों से परे भी टूरिज्म को दिया बढ़ावा,मैच आयोजित करने वाले प्रमुख मेजबान शहरों के लिए दोगुने से ज्यादा सर्चिंग
अनुसंधान आधारित समाधान पर बल
उप निदेशक प्रो. आर. बी. शर्मा ने ग्रामीण आवश्यकताओं की पहचान कर अनुसंधान और तकनीकी समाधान विकसित करने पर जोर दिया। अतिथि वक्ता ऋषिकांत सागर ने छात्रों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।
अंत में डॉ. शैलेश कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह उद्घाटन सत्र एनआईटी जमशेदपुर की ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और ‘उन्नत भारत अभियान’ के माध्यम से शिक्षा, नवाचार एवं सामाजिक समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



