
आदित्यपुर: दुर्गा पूजा समितियों के विरोध और जनहित में उठाई गई मांगों के बाद आदित्यपुर नगर निगम ने दुर्गा पूजा स्थलों की साफ-सफाई के लिए निर्धारित सेवा शुल्क वापस लेने का निर्णय लिया है। इस फैसले में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार की पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, रोड नंबर 7-8, आदित्यपुर-2 के लाइसेंसी सतीश शर्मा ने नगर निगम के इस निर्णय का स्वागत करते हुए मेयर संजय सरदार के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सेवा शुल्क वापस लेने से पूजा समितियों को आर्थिक राहत मिलेगी और दुर्गा पूजा के आयोजन में अनावश्यक वित्तीय बोझ कम होगा।
सफाई के लिए तय किया गया था सेवा शुल्क
दरअसल, दुर्गा पूजा के दौरान पूजा स्थलों की साफ-सफाई के लिए नगर निगम की ओर से जेसीबी, ट्रैक्टर और कामगारों के उपयोग पर सेवा शुल्क निर्धारित किया गया था। इसके तहत जेसीबी के लिए 950 रुपये प्रति घंटा, ट्रैक्टर के लिए 700 रुपये प्रति घंटा और कामगार के लिए 550 रुपये प्रतिदिन शुल्क तय किया गया था।
इस व्यवस्था को लेकर पूजा समितियों में नाराजगी सामने आई थी। सतीश शर्मा ने भी इसे लेकर चिंता जताते हुए कहा था कि दुर्गा पूजा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता और सेवा की भावना से जुड़ा पर्व है। ऐसे में पूजा स्थलों की मूलभूत साफ-सफाई जैसी नागरिक सुविधा के लिए पूजा समितियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालना उचित नहीं है।
पूजा समितियों के विरोध के बाद नगर निगम की पहल
सेवा शुल्क को लेकर पूजा समितियों की आपत्ति और जनभावनाओं को देखते हुए मेयर संजय सरदार ने मामले में पहल की। इसके बाद दुर्गा पूजा स्थलों की साफ-सफाई पर लगाए गए सेवा शुल्क को वापस लेने का निर्णय लिया गया।
सतीश शर्मा ने कहा कि यह फैसला पूजा समितियों और श्रद्धालुओं के हित में है। इससे समितियों को राहत मिलने के साथ ही नगर निगम और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद है।
READ MORE :BIHAR NEWS: जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांग रहे थे 6 सपेरे, दिघवारा स्टेशन पर उतारा
सफाई, कचरा उठाव और प्रकाश व्यवस्था में सहयोग की उम्मीद
सतीश शर्मा ने उम्मीद जताई कि आगामी दुर्गा पूजा के दौरान आदित्यपुर नगर निगम सभी पूजा समितियों को साफ-सफाई, कचरा उठाव, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं में पर्याप्त सहयोग उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम और पूजा समितियों के बीच बेहतर तालमेल से दुर्गा पूजा का आयोजन स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कराया जा सकेगा।

