जमशेदपुर.
होटल अलकोर में सहारा गार्डन सिटी रेजिडेंस की महिला क्लब की सदस्यों ने एक भव्य और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर उत्सवपूर्ण माहौल में धूमधाम से सावन महोत्सव का आयोजन किया. इस कार्यक्रम ने न केवल महिलाओं को एक मंच प्रदान किया, बल्कि पारंपरिक भारतीय लोक संस्कृति और त्योहारों की समृद्ध विरासत को भी जीवंत कर दिया.आयोजन स्थल अलकोर के बैंक्वेट हॉल में सर्वप्रथम होटल की महिला स्टाफों ने महिला क्लब की सभी सदस्यों को पारंपरिक ढंग से कुमकुम तिलक एवं पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया. कार्यक्रम में महिलाओं ने मेहंदी रची हाथों से ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया एवं सावन के गीतों के साथ -साथ कई लोकगीत भी गाए और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किया.
READ MORE : JAMSHEDPUR NEWS : झारखंड के पहले ‘पर्पल फेयर’ का भव्य आयोजन जमशेदपुर में संपन्न
इस मौके पर पारंपरिक परिधान पहनकर और सोलह शृंगार में सजी –धजी महिला सखियों ने शिव-पार्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की एवं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
गीत, नृत्य, पारंपरिक परिधान और उमंग से झूम उठा आयोजन स्थल
महिलाएं पारंपरिक हरे परिधान, चूड़ियाँ, बिंदी, गजरे और श्रृंगार से सजधजकर आईं, जिससे पूरा माहौल हरियाली और उत्सव से सराबोर हो गया. महोत्सव में क्लब की महिलाओं ने विभिन्न पारंपरिक और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया.
विभिन्न सदाबहार गानों पर जम कर महिलाओं ने ताल मिलाये और खूब धमाल मचाया. वहीं कई महिलाओं ने अपनी सुमधुर आवाज में दिल तो है दिल, दिल का ऐतबार क्या कीजे…… बाबूजी धीरे चलना, प्यार में ज़रा संभलना हाँ, बड़े धोखे हैं, बड़े धोखे हैं इस राह में …… जैसे गानों से कार्यक्रम को शानदार बना दिया.
सावन क्वीन चुनी गयी प्रीति सिन्हा
इस मौके पर पारंपरिक परिधान पहनकर महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया. सौंदर्य प्रतियोगिता में प्रीति सिन्हा सावन क्वीन चुनी गईं.कार्यक्रम में कई प्रकार के रोचक और मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया. सोलह शृंगार में सजी सखियों ने एक दूजे को सावन की बधाई दी एवं सावनी गीतों पर नृत्य कर कार्यक्रम को खूब एंजॉय किया. सावन महोत्सव में लजीज व्यंजन की शानदार व्यवस्था की गई जिसका सभी महिलाओं ने लुत्फ उठाया.
कार्यक्रम के आयोजन में ज्योति सिन्हा, सुनीता सब्रत, डिंपी एंव रीता भगत ने विशेष योगदान दिया. सावन महोत्सव के इस कार्यक्रम में बडी संख्या में सहारा गार्डन सिटी रेजिडेंस की महिलाएं भी मौजूद रहीं.




