आदित्यपुर. आदित्यपुर-2 स्थित जागृति मैदान को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी उहापोह और राजनीतिक बयानबाजी के बीच भाजपा के सरायकेला-खरसावां के जिला उपाध्यक्ष अमितेश अमर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मैदान के भविष्य का फैसला चंद नेताओं के बजाय आदित्यपुर की जनता की राय पर होना चाहिए। उन्होंने कुछ पार्षदों द्वारा फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर भी कड़ा ऐतराज जताया है।
“जनता की राय के लिए गठित हो सर्वे टीम”
अमितेश अमर ने कहा कि वे इस मामले में जल्द ही जिले के उपायुक्त (DC) से मुलाकात करेंगे। वे मांग करेंगे कि एक आधिकारिक सर्वे टीम का गठन किया जाए, जो आदित्यपुर की जनता के विचार जाने। उन्होंने दो टूक कहा:
यदि जनता चाहती है कि यहाँ मैदान रहे, तो उसका उचित सौंदर्यीकरण हो या उसे स्टेडियम का रूप दिया जाए।
यदि जनता की सहमति नगर निगम कार्यालय के पक्ष में हो, तो उस दिशा में कदम बढ़ाया जाए। लेकिन, इस मैदान को लेकर भविष्य में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।
“निगम कार्यालय का प्रस्ताव पहले ही हो चुका है शिफ्ट”
भ्रामक राजनीति करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा नगर निगम कार्यालय का प्रस्ताव पूर्व में ही वापस लिया जा चुका है। इसके लिए हथियाडीह इंडस्ट्रियल पार्क में स्थान का चिन्हांकन भी हो चुका है। ऐसे में कुछ पार्षदों द्वारा जनता को दिग्भ्रमित करना कल्पना से परे है। उन्होंने अपील की है कि जनता ऐसी भ्रामक सूचनाओं से बचे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: सुरक्षा और सेहत ही टाटा स्टील की असली ताकत, 100 साल से बरकरार है भरोसा
मैदान के पास शराब दुकान निरस्त करने की मांग
जागृति मैदान की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अमितेश अमर ने कहा कि शाम ढलते ही यहाँ नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। ये असामाजिक तत्व वहां से गुजरने वाली महिलाओं और बहनों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि:
मैदान के समीप संचालित शराब दुकान का लाइसेंस अविलंब निरस्त किया जाए।
मैदान में सुरक्षा और प्रकाश की उचित व्यवस्था हो ताकि असामाजिक तत्वों पर लगाम लग सके।


