
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार की देर रात वेज रोल के ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान के संचालक समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
वेज रोल के ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था।मंगलवार की देर रात करीब एक बजे वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट के सामने खाऊ गली स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा।]बताया जा रहा है कि ऑर्डर को लेकर शेखर और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों पर भी चाकू से हमला
विवाद बढ़ता देख शेखर और गोलू ने फोन कर पूजा समिति से जुड़े लोगों को मौके पर बुलाया।सूचना मिलने पर समिति सदस्य सन्नी वहां पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार और उसके कर्मचारियों ने उस पर भी हमला कर दिया और चाकू मार दिया।इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे पर भी चाकू से हमला किए जाने का आरोप है।इस हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब, भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश
मामूली विवाद के बाद हुई हिंसक झड़प : एसडीपीओ
एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मामूली विवाद के बाद हिंसक झड़प होने की बात सामने आई है।उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।दुर्गा पूजा के दौरान हुई इस घटना ने आदित्यपुर क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

