
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के बीच जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार, 19 अक्टूबर 2026 की शाम सड़क पर एक ‘आपत्तिजनक वस्तु’ मिलने की सूचना से कुछ समय के लिए सनसनी फैल गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) और सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मामले की वास्तविक स्थिति सामने आई।
CCTV फुटेज की जांच में सामने आई असलियत
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना 19 अक्टूबर को शाम करीब 4:10 बजे मिली थी। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित वस्तु को किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर सड़क पर नहीं रखा गया था।पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि आवारा कुत्ते पास स्थित एक कचरा निस्तारण स्थल से उक्त वस्तु को घसीटकर सड़क पर ले आए थे।
सिदगोड़ा थाने में स्टेशन डायरी में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। सिदगोड़ा थाना प्रभारी की ओर से घटना के संबंध में थाना दैनिकी (स्टेशन डायरी) में भी विधिवत प्रविष्टि दर्ज की गई है।वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि पुलिस की तत्परता से स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया और इलाके में शांति बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी शेयर न करने की अपील
जमशेदपुर पुलिस ने नागरिकों से इस घटना को लेकर किसी तरह की अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
विशेष रूप से दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस ने लोगों से भ्रामक सूचनाओं को आगे नहीं बढ़ाने और किसी भी संवेदनशील जानकारी की पुष्टिकिए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने को कहा है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।
शांति और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील
जमशेदपुर पुलिस ने शहरवासियों से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सौहार्द, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।पुलिस की ओर से शहर में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और अफवाहों से बचने को कहा गया है।

