
जमशेदपुर।
NIT जमशेदपुर में 24 नवंबर 2025 को 3rd Innovation, Incubation & Acceleration Conclave (IAC-2025) की तैयारियों की समीक्षा और समन्वय के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में NIT जमशेदपुर समेत आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों ने भाग लिया और कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए अपने सुझाव एवं सहयोग के बिंदु साझा किए।

बैठक का नेतृत्व TBE के निदेशक प्रो. अमरेश कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि IAC-2025 के लिए देशभर से लगभग 50 नवाचार प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही रिक्रूटर्स के लिए स्थान आवंटन की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि इस बार कार्यक्रम में अधिक उद्योग भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
NIT के डीन (R&C) प्रो. सतीश कुमार ने बताया कि मॉडल प्रतियोगिता के लिए छात्रों में उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता उद्योग–अकादमिक सहयोग को नई दिशा देगी और छात्रों को वास्तविक समस्याओं के समाधान, पेटेंटिंग प्रक्रिया और तकनीकी नवाचार की बारीकियों से अवगत कराएगी।
डॉ. एम. हसन ने बताया कि टेक्निकल बिज़नेस इनक्यूबेशन सेंटर इस साल 10 चयनित टीमों को तीन वर्षों तक तकनीकी एवं वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इसके तहत स्टार्टअप्स को ₹50 लाख तक का अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि युवा नवाचारों को मजबूत मंच मिल सके।
डॉ. दिनेश ने कहा कि मॉडल प्रतियोगिता में कई स्कूलों और कॉलेजों से बड़ी संख्या में पंजीकरण हो रहे हैं। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
डॉ. तुषार बनर्जी ने यह जानकारी दी कि IIT खड़गपुर, IIT (ISM) धनबाद, VNIT नागपुर और NIT मिजोरम जैसे प्रमुख संस्थान इस सम्मेलन के शैक्षणिक साझेदार हैं और प्रदर्शनी हेतु स्थान आवंटन अंतिम चरण में है।
READ MORE :Adityapur News :NIT जमशेदपुर के शोधार्थी अब्दुल रहमान ने किया बड़ा वैज्ञानिक विकास
महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से डॉ. रश्मि सिन्हा ने सम्मेलन में एक विशेष सत्र आयोजित किए जाने की घोषणा की।
बैठक में Arka Jain University, Netaji Subhash University, RVS College of Engineering & Technology, Government Polytechnic Adityapur, BACET Jamshedpur और Al-Kabir Polytechnic के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
NIT जमशेदपुर से प्रो. आर. वी. शर्मा, प्रो. के. बी. यादव, डॉ. राम कृष्णा, डॉ. स्वगत डी. साहू और डॉ. रत्नेश मिश्रा उपस्थित रहे।
बैठक का समापन IAC-2025 को सफलतापूर्वक आयोजित करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी संस्थानों ने नवाचार, स्टार्टअप्स, उद्यमिता और तकनीकी विकास को नई दिशा देने के इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।




