
जमशेदपुर,।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर में उद्योग एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध कार्यालय के तत्वावधान में वार्षिक एलुमनाई मीट 2026 का सफल आयोजन शनिवार को टीएसजी, एनआईटी जमशेदपुर परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए पूर्व छात्र, संस्थान के संकाय सदस्य, वर्तमान विद्यार्थी एवं उद्योग जगत के प्रतिष्ठित प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

READ MORE :Jamshedpur News :बसंत पंचमी पर जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो ने सपरिवार की माँ सरस्वती की पूजा
पूर्व छात्रों और संस्थान के बीच मजबूत संवाद
एलुमनाई मीट के दौरान पूर्व छात्रों और संकाय सदस्यों के बीच उत्साहपूर्ण एवं सार्थक संवाद देखने को मिला। अनुभव साझा करने, मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन और उद्योग–शैक्षणिक सहयोग जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस पहल से संस्थान और उसके पूर्व छात्रों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करने में मदद मिली।
उद्योग जगत के दिग्गजों ने किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के पूर्व कार्यकारी निदेशक कौशल किशोर सिंह रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में लिंककोज़ लिमिटेड के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अनुराग सक्सेना तथा लार्सन एंड टुब्रो के परामर्शदाता भगवत सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने नेतृत्व, नवाचार, उद्यमिता और उद्योग–शिक्षा समन्वय पर अपने विचार रखते हुए छात्रों को प्रेरित किया।
भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी
एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार ने अपने संबोधन में संस्थान की भविष्य की योजनाओं और विकास दृष्टि को साझा किया। उन्होंने बताया कि संस्थान उद्योग-संरेखित एवं कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों की शुरुआत कर रहा है। साथ ही अंतःविषय अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय अनुसंधान सुविधा की स्थापना की गई है।
उन्होंने भविष्य में 1000 सीटों की क्षमता वाले सभागार, आधुनिक छात्र गतिविधि केंद्र (एसएसी), समर्पित खेल स्टेडियम और बेहतर संकाय आवासीय सुविधाओं के विकास की योजनाओं की भी जानकारी दी।
विशिष्ट पूर्व छात्रों को मिला सम्मान
इस अवसर पर संस्थान द्वारा विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक एवं जीटीएल सॉल्यूशंस के संस्थापक के.वी.ए. चक्रवर्ती, इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अनुराग कुमार तथा उद्योगपति दीपक डोकानिया को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं एमएसएमई क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए राजीव शुक्ला को यंग अचीवर अवार्ड प्रदान किया गया।
एलुमनाई सहभागिता पर दिया गया बल
उद्योग एवं पूर्व छात्र संबंध अधिष्ठाता प्रो. के. बी. यादव ने कहा कि एलुमनाई मीट संस्थान के समग्र विकास, मेंटरशिप और उद्योग सहयोग का सशक्त मंच है। सह-अधिष्ठाता डॉ. राम कृष्ण ने इसे विभिन्न पीढ़ियों को जोड़ने वाला सेतु बताया।
READ MORE :Adityapur News :पत्र, टिकट और पुस्तकें, आदित्यपुर में बच्चों ने जाना डाक सेवा का असली रूप”
NITJAA की नई शासी निकाय की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान एनआईटी जमशेदपुर एलुमनाई एसोसिएशन (NITJAA) की नव-निर्वाचित शासी निकाय की घोषणा भी की गई। यह टीम छात्रों के मार्गदर्शन, उद्योग संपर्क, पूर्व छात्र सहभागिता और एनआईआरएफ रैंकिंग सुधार से जुड़ी पहलों में संस्थान के साथ मिलकर कार्य करेगी।



