गम्हरिया/जमशेदपुर। श्री श्याम भटली परिवार चेरिटेबल ट्रस्ट, जमशेदपुर की ओर से गम्हरिया स्थित मंगलम सिटी में श्याम कीर्तन महोत्सव (गुणगान बाबा श्याम) का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल के बीच आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा श्याम के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
महोत्सव के यजमान स्मिता और अमित खेडिया थे। कार्यक्रम की शुरुआत संध्या 7:30 बजे बाबा श्याम की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद श्री गणेश वंदना के साथ भजनों का सिलसिला शुरू हुआ, जो रात 12 बजे तक चलता रहा।
भजन गायकों ने बांधा समां
महोत्सव में स्थानीय भजन गायकों महाबीर अग्रवाल, रोहित गुलाटी, लिप्पू शर्मा, नीरज जालान, रूबी रविन्द्र और सक्षम पलसानिया ने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कई भक्त भक्ति गीतों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा।
भव्य दरबार और छप्पन भोग रहे आकर्षण
महोत्सव का मुख्य आकर्षण बाबा श्याम का भव्य दरबार, छप्पन व्यंजनों का भोग, अखंड ज्योत और श्याम रसोई प्रसाद रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में राजेश पसारी, अमित, कृष्णा लाखोटिया, पिंकी सेकसरिया, विकास सिंघानिया, विनय पोद्दार, मिथलेश पांडे, स्मिता, सुभाष सिंघानिया, विमल अग्रवाल, ऋतु शर्मा, बिंदु खिरवाल, ममता गोयल, सुनीता पसारी, संगीता मित्तल, सुमन भालोटिया, जमुना देवी, साक्षी खेरिया, आयुष खेरिया, स्नेहा गुप्ता और सोनी पोद्दार सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

