आदित्यपुर: आगामी दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए आदित्यपुर थाना पुलिस ने अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने खरकाई नदी के विभिन्न घाटों के पास लावारिस हालत में रखी करीब 300 बोरी बालू बरामद की। पुलिस ने जब्त बालू को बोरियों से निकालकर घाट पर ही बिखेर दिया।
पुलिस के अनुसार, आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से दोपहिया वाहनों और साइकिल के माध्यम से अवैध रूप से बालू उठाव करने वाले लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार को सापड़ा, सालडीह बस्ती, जयप्रकाश उद्यान और राम मड़ैया बस्ती के समीप खरकाई नदी किनारे छापेमारी एवं निगरानी की गई।
इस दौरान नदी किनारे अलग-अलग स्थानों पर लावारिस अवस्था में करीब 300 बोरी बालू मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नदी से बालू निकालकर बोरियों में भरकर वहां छोड़ दिया गया था।
पुलिस टीम ने सभी बोरियों से बालू निकालकर घाट पर ही बिखेर दिया, ताकि अवैध रूप से जमा की गई बालू का इस्तेमाल नहीं किया जा सके। पुलिस ने बताया कि सापड़ा, सालडीह बस्ती, राम मड़ैया बस्ती और जयप्रकाश उद्यान के आसपास अवैध बालू उठाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को दीपावली और छठ पर्व के दौरान नदी घाटों पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

