आदित्यपुर। छठ महापर्व से पहले आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 28 स्थित रोड नंबर-7 के छठ घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर कचरे की डंपिंग का मामला अब प्रशासन तक पहुंच गया है। भाजपा जिला मंत्री सतीश शर्मा द्वारा लगातार इस समस्या को उठाए जाने के बाद बुधवार को जिला उपायुक्त ने स्वयं छठ घाट और वहां जाने वाले मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मुख्य मार्ग से कचरे का पूर्ण उठाव कराने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे जमा कचरे की स्थिति का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले रास्ते की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
भाजपा के अल्टीमेटम के बाद प्रशासन की पहल
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिला मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि पार्टी की ओर से इस गंभीर जनसमस्या को लगातार उठाया जा रहा था। नगर निगम प्रशासन को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दो दिनों का अल्टीमेटम भी दिया गया था। जिला उपायुक्त द्वारा स्वयं स्थल निरीक्षण कर कचरा हटाने का निर्देश देना जनहित में सकारात्मक कदम है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा है। ऐसे में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मुख्य मार्ग पर कचरे का अंबार लगा रहना दुर्भाग्यपूर्ण है।
सिर्फ दिखावटी नहीं, स्थायी सफाई की मांग
सतीश शर्मा ने मांग की कि केवल दिखावटी सफाई के बजाय सड़क से कचरे का पूर्ण उठाव कराया जाए। साथ ही पूरे मार्ग और आसपास के क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने जिला उपायुक्त के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है कि निर्देशों का तत्काल पालन करे और छठ से पहले पूरे रास्ते को स्वच्छ एवं आवागमन योग्य बनाए।
भाजपा जिला मंत्री ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों की आस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और जनस्वास्थ्य के साथ किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी इस मामले पर लगातार निगरानी रखेगी और जरूरत पड़ने पर प्रशासन के समक्ष आवाज उठाती रहेगी।

