
गम्हरिया


शहीद रतिलाल मजदूरों के मसीहा थे। जीवन पर्यन्त वे मजदूरों व शोषित-पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत रहे। ऐसे महान व्यक्ति की जयंती पर धर्म एवं संस्कृति पर कुठाराघात करनेवाली भाजपा सरकार को राज्य से उखाड़ फेंकने का प्रण लेने की जरुरत है। गम्हरिया के ऊपरबेड़ा मैदान में शहीद रतिलाल महतो स्मृति रक्षा समिति की ओर से आयोजित प्रसिद्ध मजदूर नेता स्व0 रतिलाल महतो जयंती समारोह के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित विधायक चंपाई सोरेन नेे उपरोक्त बातें कही। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार की कुव्यवस्था एवं मजदूर विरोधी नीति का डटकर मुकाबला करने की अपील किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के रैयतदारों के साथ आयडा घोर अन्याय कर रही है। अपनी मर्जी से नोटिस निकालकर आदिवासी-मूलवासी एवं किसानों को अपनी ही जमीन से बेदखल कर रही है। गाँव को उजाड़कर विस्थापितों कों खदेड़ने का काम कर रही है। टाटा स्टील ग्राॅथ शाॅप से लेकर ग्रामीणों की जमीन पर बसी कंपनियों में एक प्रतिशत भी स्थानीय लोगों को स्थायी नियोजन नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जमीन को घेरकर रखनेवाली कंपनियों के खिलाफ जमीनदाता सड़क पर उतरेंगे और हजारों की संख्या में हल-बैल के साथ प्रदर्शन कर अपनी जमीन वापस कराएँगे। विधायक ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी संशोधन बिल, भूमि अधिग्रहण बिल आदि का वापस होना झामुमो की बड़ी जीत है। अब स्थानीय नीति का जमकर विरोध किया जाएगा। जिसका खतियान होगा उसी को स्थानीयता का दर्जा दिया जाएगा। इस मौके पर उपस्थित पूर्वी सिंहभूम के झामुयुमो जिलाध्यक्ष महावीर मुर्मु ने कहा कि रतिलाल की हत्या की जाँच एनआईए से होनी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमृत महतो ने किया। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा शहीद रतिलाल महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान फुटबाॅल प्रतियोगता का आयोजन किया गया जिसमें विजेता व उप विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र नाथ महतो, पिंटू महतो, रेखा महतो, आकाश दास, सपन महतो, कमल भुईयां, अनिल सोरेन, प्रसेनजीत महतो, मानो महतो, सपन महतो समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

