
जमशेदपुर : मानगो के भाजपा नेता छोटू पंडित की गिरफ्तारी के बाद महानगर भाजपा दो फाड़ हो गई है। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सरयू राय समर्थक कार्यकर्ताओं ने जिला पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है तो जमशेदपुर पूर्वी के रघुवर दास खेमे के भाजपाइयों ने पूरे आंदोलन पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। सरयू राय समर्थक भाजपा नेताओं ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। इन भाजपा कार्यकर्ताओं ने रघुवर दास गुट से बिना किसी अपेक्षा के अपने बूते ही आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है। इन सबके बीच महानगर भाजपा अध्यक्ष नंदजी प्रसाद ने चुप्पी साध ली है, वहीं प्रवक्ता अनिल मोदी का कहना है कि उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं है। छोटू पंडित की गिरफ्तारी के विरोध में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सात मंडलों के कार्यकर्ताओं को मंगलवार की सुबह 11 बजे साकची अग्रसेन भवन के समीप पहुंचने को कहा गया है। यहां से भाजपा कार्यकर्ता सीनियर एसपी कार्यालय जाएंगे। महानगर भाजपा महामंत्री मुकुल मिश्रा ने बताया कि हजारों की संख्या में भाजपा नेता कल एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे और अपनी गिरफ्तारी देंगे। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सात मंडल हैं। मानगो, आजादनगर, उलीडीह, साकची, कदमा, सोनारी व बिष्टुपुर। सभी मंडल अध्यक्ष इस आंदोलन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंडल इसमें शामिल नहीं होंगे। बारीडीह मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह व गोलमुरी मंडल अध्यक्ष दिनेश कुमार ने अपनी ही पार्टी के प्रदर्शन को गलत करार दिया है। नेताद्वय के अनुसार अगर पुलिस ने गलत किया है तो प्रदेश में अपनी सरकार है। इस मामले को लेकर उपायुक्त व सीनियर एसपी के साथ वार्ता करनी चाहिए थी। अगर उनकी बातचीत से संतुष्ट नहीं होते तो मंत्री सरयू राय या मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बातों को रखते। सीनियर एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करना कहीं से सही नहीं है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी जमशेदपुर पूर्वी व पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों की अलग-अलग बैठकें होती रही हैं। पूरे प्रकरण पर महानगर अध्यक्ष नंदजी प्रसाद से बात करने का प्रयास किया गया तो शाम में उनका मोबाइल फोन बंद मिला। कुछ समय बाद मोबाइल ऑन हुआ लेकिन उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। सोमवार देर रात यह बात भी हवा में तैरने लगी कि महानगर भाजपा के कुछ पदाधिकारी कल प्रदर्शन की तैयारी कर रहे नेताओं को अप्रत्यक्ष रूप से अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं। अब कल देखना होगा कि प्रदर्शन में महानगर कमेटी के कितने पदाधिकारी शामिल होते हैं।



