
जमशेदपुर।
सामाजिक संस्था समाधान ने शनिवार को जादूगोड़ा स्थित खड़ियाकोचा गाँव में निवास कर रहे 26 परिवारों के लगभग 55 सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु मेडिकल कैम्प का आयोजन किया। मेडिकल कैम्प में डॉ. बीके शर्मा ने निःशुल्क योगदान दिया। इस दौरान लोगों को उचित चिकित्सकीय परामर्श के संग ही दवाएँ भी उपलब्ध कराए गए। मौके पर ही समाधान ने नव वर्ष से पूर्व प्रति परिवार दो कंबल का वितरण किया। साथ ही नहाने के साबुन, सर्फ एवं तेल भी उपलब्ध कराए गए। वहीं नन्हें बच्चों के बीच चॉकलेट एवं बिस्कुट बाँटकर खुशियाँ साझा की गयी। विदित हो कि इसी वर्ष अप्रैल माह में खड़ियाकोचा गाँव को विकसित करने के लिए समाधान संस्था ने गोद लिया है। वहीं समय समय पर संस्था द्वारा अनेकों विकास कार्यक्रम कराए जाते हैं। मौके पर संस्था के मुख्य संरक्षक दिनेश कुमार, अध्यक्ष पूनम विग, अनिता विभार एवं अमरजीत सिंह राजा मौजूद थे।

