
जमशेदपुर। वर्तमान समय में डॉक्टर, इंजीनियर और बिजनेस मैनेजर सब बनना चाहते हैं लेकिन कोई शिक्षक बनना नहीं चाहता, जबकि सभी विधाओं को सिखाने का काम शिक्षक ही करते हैं। आज समाज को दिशा देने वाले शिक्षकों की आवश्यकता है। उक्त विचार रेड क्रॉस के वाईस पेट्रन डी के घोष ने रेड क्रॉस भवन में सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग कार्यक्रम के दौरान फर्स्ट एड गुरु श्री पी.के. चटर्जी को शिक्षक दिवस के मौके पर सम्मानित करते हुए व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित रेड क्रॉस के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में अच्छे बुरे का ज्ञान शिक्षक के माध्यम से होता है, सही मायनों में समाज निर्माण में शिक्षकों की सबसे बड़ी भूमिका है, जीवन में अगर एक अच्छा शिक्षक आ जाए तो फिर व्यक्ति का जीवन संवर जाता है। उन्होने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करें व अच्छाईयों का प्रचार प्रसार कर खुद भी आदर्श बने। कार्यक्रम फर्स्ट एड गुरु श्री पी के चटर्जी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि शिक्षक भी अच्छा शिष्य पाकर ही धन्य होते हैं। उन्होने कहा कि फर्स्ट एड की शिक्षा जीवन बचाने के लिए है, अगर विद्यार्थी अपने जीवन में इस कला से किसी एक के जीवन को भी बचाता है यह उनके लिए गौरव की बात होगी। इस अवसर पर रेड क्रॉस में फर्स्ट एड प्रशिक्षक पी. एल. मेशराम ने भी अपने विचार रखे।

