
जमशेदपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा आगामी 6 अक्टूबर को रेड क्रॉस भवन, साकची में विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प का आयोजन किया गया है। ज्ञातब्य हो कि दुर्गा पूजा, मुहर्रम, लक्ष्मी पूजा (लक्खी पूजा) को देखते हुए यह आयोजन 1 अक्टूबर की बजाय 6 अक्टूबर को किया जा रहा है। उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस पूर्वी सिंहभूम श्री अमित कुमार ने सभी रक्तदाताओं, रेड क्रॉस के सदस्यों, स्थानीय कम्पनियों, समाजसेवी संस्थाओं तथा रक्तदान से जुड़ी संस्थाओं से इस रक्तदान महायज्ञ में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील किया है। सभी रक्तदाताओं को पत्र लिखकर, एस.एम.एस., व्हाटसएप, प्रेस रिलीज तथा अन्य माध्यमों से सूचित किया जा रहा है। रेड क्रॉस के सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह रक्तदाताओं के लिए सभी तरह की सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। सभी रक्तदाताओं का प्रतीक चिन्ह तथा रक्तदाता प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। ज्ञातब्य है कि रेड क्रॉस के इस मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प में शहर के रक्तदाताओं के साथ साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के रक्तदाता भी भाग लेते हैं। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों तथा आसपास के राज्यों के रक्तदाता भी काफी उत्साह से भाग लेते हैं तथा रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।



