
जमशेदपुरः भारतीय मजदूर संघ (भामसं) का साठवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस दौरान सदस्यों ने अपने घरों, यूनियन कार्यालय व कारखानों के गेटों पर भारतीय मजदूर संघ का झंडा फहराया व मिठाइयां बांटीं. सरायकेला खरसावां जिला समिति द्वारा आदित्यपुर कांटा मैदान से मोटर साइकिल रैली निकाली गयी, जो साई पथ चावला मोड़, जेएमटी, आरआईटी, सुधा डेयरी होते हुए रामाकृष्णा फोर्जिग के गेट पर झंडोत्तोलन के साथ संपन्न हुई.


इस मौके पर रैली को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष जय नारायण शर्मा ने कहा कि 23 जुलाई 1955 भारतीय अर्थवाद के पुरोधा दत्तोपंत ठेंगरी ने भोपाल ने राष्ट्रहित, उद्योगहित व मजदूरहित के सिद्धांत पर राष्ट्र का औद्योगिकरण, उद्योगों का श्रमिकीकरण व श्रमिकों का राष्ट्रीयकरण के उद्घघोष के साथ गैर राजनीतिक श्रम संगठन का स्थापना किया. श्री शर्मा ने कहा कि उस समय न तो कोई यूनियन, न कार्यकर्ता, न कार्यालय, न ही कोई कोष था. शून्य से प्रारंभ हो कर भारतीय मजदूर संघ को आज देश का सबसे बड़ा श्रम संगठन बनने का गौरव प्राप्त हुआ है. संघ किसी राजनीतिक दल का पिछलग्गू नहीं है.

