
जमशेदपुर। भारतीय गौवंश रक्षण एवं संवर्द्धन परिषद की केन्द्रीय बैठक में आगामी क्षेत्रीय गौ रक्षा कार्यकर्ता सम्मेलन-बैठक की जिम्मेदारी सिंहभूम विभाग, विश्व हिन्दू परिषद को सौंपी गयी है। यह बैठक आगामी 21, 22 व 23 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित राजस्थान भवन में आयोजित किये जायेंगे। इस बैठक में केन्द्रीय व क्षेत्रीय अधिकारी सहित उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार, झारखंड सहित ओडि़सा तथा पश्चिम बंगाल के गौ रक्षा से जुड़े प्रांतीय व जिला स्तर के पदाधिकारी व प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उक्त बातों की जानकारी रविवार को बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में विहिप के सुजीत साहू, मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी की प्रांतीय सह संयोजिका अनिता शुक्ला, विभाग अध्यक्ष सुमन अग्रवाल, विभाग के मंत्री भगवान सिंह, विभाग सह मंत्री संजय सिंह, विभाग गौ रक्षा प्रमुख दीपक शर्मा ने संयुक्त रूप से दी।
उन्होंने आगे कहा कि इस दौरान गौ हत्या, गौ वंशीय पशुओं की तस्करी, परिवहन, गौ मांस की खरीद बिक्री सहित गौ वंश की रक्षा, संरक्षण तथा संवर्द्धन, गौशालों के विकास, आधुनिकरण, नये गौशाला का निर्माण, कृषि के विकास तथा गौर वंशीय पशुओं के आर्थिक, सामाजिक, धार्मिक महत्व पर विचार करने के साथ साथ कानूनी पहलुओं विशेषकर विभिन्न राज्यों में इससे संबंधित कानूनी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला जायेगा।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड राज्य में गौ हत्या प्रतिबंध अधिनियम 2005 के अंतर्गत गौ हत्या, हत्या के उद्देश्य से परिवहन एवं तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद आज भी जमशेदपुर सहित पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर गौ वंशीय पशुओं की तस्करी व हत्या जारी है। उन्होंने प्रशासन व सरकार से गौहत्या प्रतिबंध अधिनियम 2005 को सख्ती से लागू करने की मांग करते हुए कहा कि अगर इस विषय को गंभीरतापूर्वक नहीं लिया गया तो 15 सितंबर से संगठन सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होगी।



