
जमशेदपुर।


जिले के प्रभारी मंत्री नीरा यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में की गयी।इस अवसर पर 20 सूत्री उपाध्यक्ष दिनेश साहू, विधायक मेनका सरदार, विधायक कुणाल षाडं़गी, अन्य विधायक प्रतिनिधिगण तथा 20 सूत्री के सदस्यगण, जिले के उपायुक्त अमित कुमार, उप विकास आयुक्त सूरज कुमार, तथा सभी संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे। जिले की विभिन्न प्रकार की समस्याओं को 20 सूत्री के सदस्यगणों के द्वारा प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा गया जिसकी समीक्षा करते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्पर्ता के साथ समाधान करने का निदेश दिया। मुख्य रूप से पानी, बिजली, शिक्षा, आपूर्ति, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग एवं वन विभाग से संबंधित बिन्दुओं पर समीक्षा की गयी।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए समिति के सदस्यों ने कहा कि मानुषमुड़िया स्वास्थ्य केन्द्र में काफी गंदगी रहती है उसे ठीक कराया जाए। इस पर सिविल सर्जन ने आश्वस्त किया कि इस समस्या को दूर कर दिया जाएगा।सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए समिति के सदस्यों ने कहा कि बहुत सारे लोगों की शिकायत है कि विधवा पेंशन एवं वृद्धा पेंशन का भुगतान सही समय पर नही हो पा रहा है जिस पर उप विकास आयुक्त ने अध्यक्ष महोदया से कहा कि डी0बी0टी0 के माध्यम से आधार लिंक करा कर जिले के 90 प्रतिशत से उपर लाभुकों को भुगतान किया जा रहा है जो थोड़ी सी कमी होगी उसे ठीक कर लिया जाएगा। सामाजिक सुरक्षा के विषय में 20 सूत्री के सदस्यों ने कहा कि जिन लोगों को वृद्धा पेंशन की सुविधा दी जा रही है तथा संबंधित आवेदन स्वीकृत करने एवं अस्वीकृत करने के कारण सहित सूची नोटिस बोर्ड पर लगायी जाए। समिति के सदस्य ने जिले में अब तक निर्मित शौचालय निर्माण के निरीक्षण हेतु प्रखण्ड स्तर पर नाम के साथ सूची की मांग की जिसे उप विकास आयुक्त ने उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। रामजनम नगर में जुस्को द्वारा पानी की सप्लाई अब तक नही दी जा रही है जिस कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है इस पर उपायुक्त महोदय ने कहा कि जुस्को के द्वारा फेज वाईस आपूर्ति करने का प्रस्ताव आया है।
कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में 20 सूत्री के सदस्यों ने पटमदा में कोल्ड स्टोरेज बनाने की मांग की जिस पर उपायुक्त महोदय ने कहा कि इसका डी0पी0आर0 बनाकर राज्य को भेेजा जा चुका है, आवंटन प्राप्त होते ही कार्य चालू करा दिया जाएगा। घाटशिला में भी इसी तरह की व्यवस्था करने का आग्रह 20 सूत्री के सदस्यों ने किया।मुख्यमंत्री दाल भात योजना के तहत जो भी केन्द्र खोले गये हंै वे सूचारू रूप से कार्य करें तथा नये केन्द्र खोलने का आग्रह समिति द्वारा किया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए समिति के सदस्य ने कहा कि इस्काॅन के द्वारा मिड डे मील का पोषाहार मीनू के अनुसार उपलब्ध नही कराया जा रहा है जिसे दुरूस्त करने का निर्देश जिला शिक्षा अधीक्षक को दिया गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए समिति के सदस्यों ने जानकारी मांगी की अंडरग्राउण्ड केबलिंग किये जाने की स्थिति क्या है इस पर विद्युत विभाग के पदाधिकारी ने जवाब दिया कि मुख्य सड़कों की डी0पी0आर0 बनाकर स्टेट को भेजा गया है तथा मंत्री महोदया ने कार्य में तेजी लाने का निदेश दिया। 20 सूत्री के सदस्यों की ट्रांसफार्मर जलने संबंधी शिकायत पर मंत्री महोदया ने विभाग के पदाधिकारी को निदेश दिया कि पूर्व की भाँति ही जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए।

