
जमशेदपुर।

दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक एसएन अग्रवाल ने कहा है कि टाटानगर-खड़गपुर संभाग में शीघ्र ही ट्रेनों की गति सीमा 110 किमी प्रति घंटे से बढ़ाकर 120-122 किमी प्रति घंटे किया जाएगा। जीएम के मुताबिक इसी रणनीति को मूर्त रूप देने के लिए उन्होंने शुक्रवार को टाटानगर-खड़गपुर संभाग का नियमित निरीक्षण किया। राखामाइंस से शुरू हुए निरीक्षण के तहत उन्होंने चाकुलिया व झाड़ग्राम आदि स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाओं के साथ ट्रैक व सिग्नलिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही संभाग में अधिकतम गति सीमा 110 किमी को बढ़ा कर 120-122 करने की संभावना पर भी विचार किया। जल्द ही संरक्षा की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने खड़गपुर मंडल में न्यू इंटरलॉकिंग समेत अन्य विकास योजनाओं पर भी संतोष व्यक्त किया। बताते चलें कि शुक्रवार को खड़गपुर मंडल अंतर्गत टाटानगर-खड़गपुर संभाग के निरीक्षण के क्रम में मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने ये बातें कही। इस दौरान खड़गपुर के मंडल रेल प्रबंधक केआरके रेड्डी समेत बड़ी संख्या में महकमे के अधिकारी उपस्थित रहे। 1आधुनिक सुविधाओं का कम इस्तेमाल चिंताजनक : इससे पूर्व महाप्रबंधक ने कहा कि महकमे में आधुनिक तकनीक व सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन यात्रियों द्वारा इनका कम इस्तेमाल चिंताजनक है। लोगों को इनका ज्यादा से ज्यादा उपयोग करना चाहिए। महाप्रबंधक ने कहा कि निश्चय ही यात्रियों की मांग के मद्देनजर हमारे पास स्टाफ की कमी है। जिससे कुछ समस्या हो सकती है, लेकिन टिकट बुकिंग से लेकर अन्य सुविधाओं के मामले में रेलवे प्रशासन ने सर्वत्र आधुनिक मशीनों की व्यवस्था की है, लेकिन इनका अपेक्षित उपयोग नहीं हो रहा है। एप्स आदि में भी तकनीकी समस्या की शिकायत पर महाप्रबंधक ने मामले को देखने का आश्वासन दिया।

