
जमशेदपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड पर भगवान श्रीकृष्ण की विशेष कृपा है। चैतन्य महाप्रभु के पावन चरणों ने इस धरती का धन्य किया है। भगवान श्रीकृष्ण गरीबों के देवता हैं। आज श्रीकृष्ण जनमाष्टमी के मौके पर मैं ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूं कि उनकी कृपा इस राज्य के गरीबों, किसानों के साथ ही सब पर बनी रहे। भगवान श्रीकृष्ण मुझमें इतनी शक्ति दें कि इस राज्य को मैं एक नई ऊंचाई पर ले जाऊं।


मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर सूर्य मंदिर कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता, बाल कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जमशेदपुरवासियों के साथ ही पूरा राज्य की जनता को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी। प्रतियोगिताओं में शामिल होने सभी प्रतिभागियों से उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने की जरूरत नहीं है। जिन्होंने इनमें प्रतिभागिता की सबकी जीत हुई है। अगले वर्ष वे जरूर जीतेंगे। अगले वर्ष मंदिर समिति की ओर से ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि प्रतिभागी एक सप्ताह पहले से ही यहां अभ्यास कर सकें। समारोह में प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल अतिथि के रूप में मौजूद थे। डॉ. आरपी ठाकुर, ग्रेजुएट कॉलेज की प्रार्चाय डॉ. ऊषा शुक्ला, तीरंदाज यशपाल सिंह व बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा निर्णायक के रूप में मौजूद थे।

