
जमशेदपुर।


टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 179वीं जयंती पर इस बार जुबिली पार्क में जो सजावट हो रही है, वह शहरवासियों को तिलस्मी दुनिया में ले जाएगी। इस बार का थीम ही रखा गया है ‘इमेजिमैक्स’, लिहाजा इसमें मैक्सिमम इमेजिशन की गई है। हम शहर या कंपनी के बारे में कितना ज्यादा सोच सकते हैं और उसे धरातल पर उतार सकते हैं, यही दर्शाया जा रहा है।
तीन व पांच को वाहन से घूम सकते पार्क:
जुबिली पार्क में शाम छह से रात 10 बजे तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, लेकिन रात 10 से 11 बजे तक कार-बाइक के साथ पार्क में घूम सकते हैं। वाहन ले जाने की अनुमति सिर्फ तीन और पांच मार्च को रहेगी। चार मार्च को आइएसएल मैच की वजह से इसे रोका गया है। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन समय में बदलाव कर सकती है।
तीन मार्च को यहां रहेंगे ड्रॉप गेट:
तीन मार्च को बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क के पास झांकी निकलेगी। इसकी वजह से सुबह 9-11 बजे तक आसपास की सड़कों पर ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे, ताकि वाहनों का आवागमन उस रास्ते से ना हो सके। ये ड्रॉप गेट नार्दर्न टाउन के एफ रोड, मान्यूमेंट रोड, साकची बुलेवर्ड रोड, इनर सर्किल रोड, एसके चांद रेसिडेंस, खरकई लिंक रोड, केएमपीएम इंटर कालेज, बिष्टुपुर मेन रोड पर नटराज के पास, टाटा शेयर रजिस्ट्री आफिस, डायरेक्टर्स बंगलो और आर्मरी ग्राउंड के पास सेंट्रल वाटर टावर की ओर जाने वाली सड़क।
इन रास्तों से जाएं स्टेशन
सुबह 9-11 बजे तक साकची से रेलवे स्टेशन या आदित्यपुर जाने के लिए लोग स्ट्रेटमाइल रोड, धतकीडीह, कदमा गणोश पूजा मैदान से कदमा थाना होते हुए रानीकुदर से जा सकते हैं। सोनारी के लोग कदमा-सोनारी लिंक रोड से गणोश पूजा मैदान कदमा होते हुए इसी रास्ते से जा सकते हैं। 1नौ स्थानों पर रहेगी पार्किंग: लाइटिंग का नजारा देखने वालों के लिए नौ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसमें लोयोला स्कूल मैदान, सेक्रेड हार्ट कान्वेंट के सामने, दोराबजी टाटा पार्क के सामने, मोहन आहूजा स्टेडियम के पास, रवींद्र भवन, सर्किट हाउस एरिया क्रिकेट मैदान, आर्मरी ग्राउंड व जुबिली पार्क साकची गेट के पास वाहन खड़ा कर सकते हैं।

