
बच्चों और पतंगबाजों के बीच 2000 पतंगें बांटेगा जेएनएसी
जमशेदपुर।
स्वच्छता अभियान में लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न जागरूकता अभियानों के बीच एक नया प्रयास आगामी मकर संक्रांति पर प्रस्तावित है। अपनी तरह के शहर के पहले सार्वजनिक पतंगोत्सव मनाने की योजना जेएनएसी की तरफ से बनाई जा रही है। विशेष अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि अभी तक जमशेदपुर में गुजराती समाज के लोग मकर संक्रांति के दिन बड़े हर्षोल्लास के साथ पतंग उत्सव मनाते हैं किन्तु सार्वजनिक तौर से जिसमे सभी क्षेत्र , जाति और समुदाय के लोग भाग लेते हों ऐसा पतंगोत्सव मनाने की तैयारी है। स्वच्छता थीम पर आधारित सार्वजनिक पतंगोत्सव मनाए जाने को लेकर जेएनएसी ने योजना बनाई है।
स्वच्छता सन्देश मुद्रित 2000 पतंगें बांटेगा अक्षेस
बताया कि पतंग उड़ाने के शौक़ीन लोगों के बीच जेएनएसी स्वच्छता के सन्देश वाली कम से कम 2000 पतंगें वितरित करेगा। शहर के आधा दर्जन बड़े पतंग डीलरों से भी आग्रह किया जा रहा है कि वे इस बार कलकत्ता से पतंग मंगाने का आर्डर करते समय स्वच्छता अभियान मुद्रित पतंगों को प्राथमिकता दें।
प्लास्टिक की पतंगे नहीं करें प्रयोग
विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने लोगों से अपील की कि वे इस वर्ष प्लास्टिक की पतंग और चाइनीज मांझा का प्रयोग नहीं करें। प्लास्टिक पर्यावरण के लिए नुकसानदेह तो है ही साथ ही स्वच्छता के लिए भी चुनौती होता है।

