
बैंक, बीमा, डाकघर और कॉलेज रहे बंद
—मजदूर हुए एकजुट—
पीएचसी, सीएचसी और सदर अस्पताल में डॉक्टर पहुंचे, मगर कर्मचारियों ने नहीं किया काम
ट्रांसपोर्टरों के शामिल होने से बड़े वाहनों की आवाजाही पर भी पड़ा थोड़ा-बहुत असर
स्टेट बैंक के कर्मचारी हड़ताल में नहीं हुए शामिल, अन्य बैंकों के ग्राहक मायूस होकर लौटे


जमशेदपुर | हिन्दुस्तान टीम
केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानूनों में किए जा रहे बदलावों के खिलाफ बुधवार को बुलाई गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल का जमशेदपुर में व्यापक असर रहा। हड़ताल से पूर्वी सिंहभूम जिले में सात सौ करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।
इस दौरान बैंक, बीमा, डाकघर और कॉलेजों में कामकाज पूरी तरह बंद रहा। सदर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर तो आए लेकिन कर्मचरियों ने कामकाज नहीं किया। हालांकि, शहर के निजी उद्योगों में उत्पादन और डिस्पैच का काम इससे प्रभावित नहीं हुआ। हालांकि, इस हड़ताल में भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी शामिल नहीं हुए। इसके बावजूद दूरदराज से बैंक, बीमा और डाकघरों में पहुंचे ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
इन ग्यारह यूनियनों ने बुलाई थी हड़ताल
देश की ग्यारह ट्रेड यूनियन की ओर से बुलाए गए राष्ट्रव्यापी हड़ताल में इंटक, एटक, एक्टू, सीटू, हिंद महासभा समेत बैंक यूनियन, बीमा यूनियन, यूथ इंटक, झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन समेत अन्य यूनियनें शामिल हुईं।
निर्माण कार्य से जुड़े मजदूर भी हुए शामिल
निर्माण कार्य और उत्पादन से जुड़े ठेका श्रमिकों के भी हड़ताल में शामिल होने से कई क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित हुआ। ट्रांसपोर्ट यूनियनों के समर्थन के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से प्रभावित रही।
वीमेंस, ग्रेजुएट और वर्कर्स कॉलेज के कर्मचारी भी रहे हड़ताल पर
शहर के वीमेंस, ग्रेजुएट और वर्कर्स कॉलेज के गैर शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी हड़ताल में शिरकत की। हड़ताल के समर्थन में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ने वीमेंस कॉलेज की प्रिंसिपल सुजाता सिन्हा को कॉलेज में प्रवेश करने से रोक दिया।
पूर्वी सिंहभूम की स्थिति
700 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ पूर्वी सिंहभूम जिले में
23 बैंकों की 193 शाखाएं लौहनगरी में रहीं बंद
1300 बैंक कर्मचारियों ने नहीं किया काम
105 एटीएम शहर के हुए खाली
08 एलआईसी की शाखाओं में नहीं हुआ एक भी बीमा
05 करोड़ रुपये का बीमे का कारोबार प्रभावित
700 से ज्यादा सदर अस्पताल और पीसीसी कर्मचारियों ने नहीं किया काम
सरायकेला-खरसावां में हड़ताल की स्थिति
बैंक-पोस्ट ऑफिस में 15 करोड़ रुपये
करीब 400 उद्योगों में 25 करोड़ रुपये
पश्चिम सिंहभूम जिले में हड़ताल की स्थिति
बैंक, बीमा संस्थाएं और पोस्ट ऑफिस 70 करोड़ रुपये

