
जमशेदपुर।


अमित कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूमगढ़, जे0एन0ए0सी0 के विशेष पदाधिकारी, जुस्को के अधिकारियों तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ नगर का भ्रमण कर साफ सफाई की व्यवस्था, शौचालयों का रखरखाव, पार्कों की स्थिति तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के संबंध में वस्तुस्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में भुईयाडीह व्यवहार न्यायालय में बंद पाए गए सुलभ शौचालय को तुरंत खोलने का आदेश उपायुक्त ने दिया। इसी तरह शहर के कई और सुलभ शौचालय है जो बंद पाए गए, उपायुक्त ने ऐसे शौचालयों को तुरंत खोलने का आदेश दिया और साफ सफाई दुरुस्त रखने के लिए कहा। शौचालय में बिजली की समस्या को लेकर जूस्को के अधिकारियों को 5 दिन के अंदर बिजली की व्यवस्था करने का भी आदेश उपायुक्त ने दिया। श्री अमित कुमार ने कहा कि किसी भी शौचालय के सामने पार्किंग नहीं होनी चाहिए यदि ऐसा होता देखा गया तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि शहर के सभी शौचालय को शुरुआती दौर के छः महीने तक चलाने के लिए जे0एन0ए0सी0 के द्वारा फंड दिया जाएगा ताकि शौचालय की साफ सफाई और सौंदर्यीकरण में कोई कमी ना हो. भुइयाडीह नए कोर्ट के सामने गरीबों को रहने के लिए रैन बसेरा की स्थिति काफी दयनीय हालत में देखी गई जिसका पूरा मेंटेनेंस का जिम्मा सिटीजन फोरम एजेंसी को दिया गया था. उक्त एजेंसी को काम में कोताही बरतने पर उपायुक्त ने नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
भुईयाडीह नंद नगर स्थित पार्क का सौंदर्यीकरण कर लोगों की सुविधा हेतु पार्क में घूमने के लिए समय सारणी बनाकर एक नोटिस लगाने और पार्क को स्वच्छ रखने का निर्देश उपायुक्त ने दिया।
बागुनहातु शरणा उत्क्रमित मध्य विद्यालय की चहारदीवारी का कार्य करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया साथ ही कंडम भवन को तोड़कर मैदान बनाने को कहा.
बागुनहातु रोड नंबर 5 सूखा तालाब को चारो तरफ ग्रिल लगाकर सौंदर्यीकरण करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया. उपायुक्त ने कहा कि बारीडीह छठ घाट को आगामी चैती छठ पूजा से पहले दुरुस्त करें और आसपास की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराएं. उपायुक्त ने बिरसानगर जोन नंबर 2 ठ में स्टेडियम निर्माण का कार्य जल्द शुरू करने का निर्देश दिया. सामुदायिक भवनों को दुरुस्त करने का काम जल्द शुरू करने का भी आदेश उपायुक्त ने दिया. बिरसानगर संडे बाजार में चारों तरफ गार्डवेल लगाने और बाजार में मछली विक्रेताओं के मध्य डस्टबिन उपलब्ध कराने का निर्देश उपायुक्त ने दिया. शहर के सभी स्ट्रीट लाइट जो बंद है उसे जल्द से जल्द दुरुस्त कर चालू करने को उपायुक्त ने कहा. तार कंपनी क्षेत्र, जेम्को, लक्ष्मी नगर क्षेत्र में बने पार्कों का सौंदर्यीकरण और भवन को दुरुस्त करने का निर्देश भी उपायुक्त ने दिया।

