
जमशदपुर।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 के मद्देनज़र जमशेदपुर अक्षेस प्रशासन शहर में उक्त सर्वेक्षण के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने के लिए कई अभिनव प्रयास करने की तैयारी में हैं। उसी क्रम में जेएनएसी के द्वारा संचालित नगरीय बस सेवा की मिनी बसों को विभिन्न चित्रात्मक स्वच्छता अपीलों एवं मनमोहक रंगों से रंगने की योजना बनायी जा रही है। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि अक्टूबर अंत तक जमशेदपुर अक्षेस द्वारा संचालित उक्त बसें बदले स्वरुप में नजर आएंगीं तथा हज़ारों लोगों तक स्वच्छता के सन्देश को पहुचायेंगी। बताया कि अक्षेस के पास 35 बसें हैं जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों को कवर करते हुए हज़ारों लोगों के लिए नगरीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का माध्यम हैं। उक्त बसों को बाहर से संदेशात्मक बनाने के साथ साथ इनके अंदर भी स्वच्छता के प्रभावी नारे मुद्रित रहेंगे।

