
जमशेदपुर।


अंतरराष्ट्रीय तीरक ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जमशेदपुर के सात पदक विजेता खिलाड़ियों का सूबे के मुख्यमंत्री ने अभिनंदन किया। शुक्रवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के उपरांत अपने एग्रिको स्थित आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी जमकर हौसला अफ़ज़ाई की। मौके पर सीएम ने कहा कि उनकी सरकार सूबे के उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने को संकल्पबद्ध है। कहा कि शहरी और ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच मुहैया कराने की दिशा में सरकार विशेष पहल कर चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को ओलंपिक एवं राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों में दक्ष बनाने हेतु राज्य की खेल मंत्रालय बेहतर कार्य कर रही है। नतीजतन हमारे बच्चें अन्य राज्यों तथा देशों में जाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि सूबे की भाजपा सरकार पूर्ण रूपेण खिलाड़ियों एवं प्रतिभावान लोगों की हितैषी हैं। रघुवर सरकार खिलाड़ियों के हितों के बारे में सोचती है, जबकि पूर्व की सरकारों में खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन नहीं दिया जाता था। भाजपा जिलाध्यक्ष ने सीएम रघुवर दास द्वारा ताइक्वांडो खिलाड़ियों को पिछले दिनों बैंकॉक चैंपियनशिप में जाने को उपलब्ध कराए गए सरकारी अनुदान की भी सराहना की। वहीं जिले के उपायुक्त अमित कुमार द्वारा खिलाड़ियों के पासपोर्ट तैयार करने में विशेष सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया। कहा कि ताइक्वांडो खिलाड़ियों के मदद को लेकर हमारी अपील को उक्त दोनों ने ही विशेष महत्व दिया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों के कोच सुनील कुमार प्रसाद की भी जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों द्वारा किये गए बेहतर प्रदर्शन उनकी बेहतरीन प्रशिक्षण का नतीजा है। मौके पर पदक विजेता ताइक्वांडो खिलाड़ियों में कोच सुनील कुमार प्रसाद के अलावे स्वर्ण पदक विजेता रीमा कुमारी,कोमल कुमारी,श्रीजिता दास समेत रजत पदक जीतने वालों में गौतम कुमार,नीति कुमारी एवं कांस्य पदक विजेता में शिल्पी दास मौजूद रहीं।

