
नई दिल्ली। दिल्ली डायनामोज क्लब ने शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के अपने 16वें दौर के मुकाबले में दो बार के चैम्पियन एटीके को 4-3 से हरा दिया।


इस तरह दिल्ली ने सम्मान की इस लड़ाई में तीन अंकों के साथ एटीके को पीछे करते हुए अंक तालिका में आठवां स्थान हासिल कर लिया है। दिल्ली के 16 मैचों से 15 अंक हो गए हैं जबकि एटीके इतने ही मैचों से 13 अंक लेकर नौवें स्थान पर खिसक गया है। दोनों टीमें प्लेआफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी हैं।
एक समय 1-3 से पिछड़ रहे होने के बावजूद दिल्ली ने पहले बराबरी की और फिर इंजुरी टाइम में मथायस मिराबाजे द्वारा किए गए गोल की मदद से जीत हासिल कर अपने चाहने वालों को मुस्कुराने का मौका दिया। दिल्ली को जीत दिलाने में उसके स्टार कालू उचे की अहम भूमिका रही। उचे ने दो गोल किए और एक गोल करने में अपने साथी की मदद की।
एटीके सबसे बड़े स्टार रोबी कीन ने छह मिनट के अंतराल पर दो गोल दागते हुए एटीके के लिए तीन अंक पक्के कर दिए थे लेकिन दिल्ली ने बेहतरीन फार्म मे चल रहे उचे के इस सीजन के 10वें तथा सत्यसेन सिंह के उम्दा गोल की मदद से पहले तो बराबरी की और फिर अंतिम पलों गोल करते हुए जीत हासिल कर ली।
मैच का पहला गोल बेहतरीन फार्म में चल रहे दिल्ली के फारवर्ड उचे ने किया। उचे ने 23वें मिनट में बीते छह मैच में अपना सातवां और इस सीजन का नौवां गोल करते हुए दिल्ली को 1-0 से आगे कर दिया था।
दिल्ली की खुशी हालांकि अधिक देर नहीं टिक सकी क्योंकि आईएसएल में डेब्यू कर रहे सिबोंकाकोंके म्बाथा ने37वें मिनट में बराबरी का गोल करते हुए उसे चौंका दिया। एटीके को गेब्रियल चिचेरो की जांघ से डिफलेक्ट होकर नेट में गई गेंद से बराबरी मिली लेकिन यह गोल म्बाथा के खाते में गया।
बराबरी का गोल होने के बाद एटीके ने अपने सबसे बड़े स्टार रोबी कीन की मदद से 43वें मिनट में एक बड़ा मूव बनाया लेकिन वह बहुत कम अंतर से चूक गए। पहला हाफ 1-1 के स्कोर के साथ समाप्त हुआ।
कीन ने हाफ टाइम से पहले जिस रफ्तार से दिल्ली के पोस्ट पर हमला किया था, उसे देखते हुए लग रहा था कि दूसरे हाफ में वह जरूर कोई कमाल करेंगे और हुआ भी यही। कीन ने 52वें मिनट में एक शानदार गोल करते हुए एटीके को 2-1 से आगे कर दिया।
कीन यही नहीं रुके। वह 54वें मिनट में भी गोल करने के काफी करीब थे लेकिन एक बार फिर चूक गए। कीन ने हालांकि इसके चार मिनट बाद ही अपना दूसरा गोल करते हुए अपनी टीम को 3-1 से आगे कर दिया।
इस गोल के केंद्र में एक बार फिर म्बाथा थे। म्बाथा ने काउंटर अटैक के दौरान दाएं किनारे से बाक्स में प्रवेश किया और जेवियर की ओर शूट किया। जेवियर चूक गए और गेंद उनसे टकराकर कीन के रास्ते में आ गई। कीन ने इस दफा कोई गलती नहीं की।
एसा लगा कि एटीके इस अंतर से मैच जीत जाएगा लेकिन दिल्ली की टीम कुछ अलग सोचकर मैदान में उतरी थी। उसने दो मिनट के अंतराल पर दो गोल करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। दिल्ली के लिए दूसरा गोल उचे ने 69वें मिनट में किया जबकि तीसरा गोल सत्यसेन सिंह ने 71वें मिनट में दागा। उचे ने इस सीजन में अपना 10वां गोल किया।
मजेदार बात यह रही कि सत्यसेन ने उचे को गोल करने में मदद की जबकि 23वें मिनट में सिंह के पास पर गोल करने से चूके लालियानजुआला चांग्ते ने टीम के तीसरे गोल में उनकी मदद की। इस गोल में मैनुएल एराना ने भी अहम भूमिका अदा की।
दिल्ली न एसे वक्त में अपना चौथा गोल किया, जब सबने परिणाम की आस छोड़ दी थी और इस गोल में एक बार फिर उसके सबसे बड़े स्टार उचे ने अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार खेल की बदौलत दिल्ली ने इस सीजन की अपनी चौथी जीत दर्ज की। इसके साथ दिल्ली ने कोलकाता में एटीके के हाथों मिली 0-1 की हार का भी हिसाब बराबर कर लिया।

