गम्हरिया
—–
औद्योगिक क्षेत्र स्थित इन्डो डेनिश टूल में बुधवार को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे छात्रों के दो गुटों में हुए हिंसक झड़प में तीन छात्र गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल संस्थान द्वारा इलाज हेतु आदित्यपुर स्थित निजी नर्सिंग होम तथा एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद संस्थान पहुँची आदित्यपुर पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर एहतिहात के तौर पर संस्थान में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई। इस झड़प् के दौरान संस्थान का कैंपस रणभूमि में तब्दील हो गया। बताया जाता है कि मारपीट की घटना रैंगिंग से जुड़ा है। इसको लेकर संस्थान के चार वर्षीय डिप्लोमा कोर्स तथा दो वर्षीय आईटीआई कोर्स के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना के बाद पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए कई छात्रों को आदित्यपुर थाना ले जाया गया। मारपीट के बाद प्रबंधन द्वारा तत्काल संस्थान में अवकाश की घोषणा कर दी गई। संस्थान के महाप्रबंधक आनन्द दयाल ने घटना के संबंध में बताया कि छात्रों के बीच उत्पन्न मामूली विवाद गहराया जिससे उग्र होकर छात्र आपस में ही भिड़ गए। बाद में पुलिस के पहुँचने पर मामले को शांत कराया गया। इससे पूर्व भी संस्थान में मारपीट की घटना बीते सप्ताह हुई थी जिसे संस्थान के अधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया था। इधर आईटीआई के जूनियर छात्रों ने डिप्लोमा के सीनियर छात्रों पर मारपीट समेत कईगंभीर आरोप लगाया है।



