
अजय धारी सिंह

मधुबनी।
अखिल भारतीय संस्कृत प्रचार-प्रसार संस्था ‘संस्कृत भारती ‘ के मधुबनी केन्द्र का शुक्रवार को जलधारी चौक स्थित जय नारायण मिश्र के आवासीय परिसर में आंगनवाड़ी सेविका रीता देवी एवं संस्कृत भारती के नगर संयोजक डॉ.रामसेवक झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया । अपने सम्बोधन में रीता देवी ने कहा कि संस्कृत भाषा भारत की आत्मा है इसे संरक्षित कर हम अपने संस्कृति एवं सभ्यता को अक्षुण्न बना सकते है । नगर संयोजक डॉ.रामसेवक झा ने कहा कि मधुबनी नगर में संस्कृत भारती का कार्यालय खुलना अत्यन्त ही प्रसन्नता की बात है । उन्होंने कहा कि संस्कृत भारती पूरे देश में संस्कृत सप्ताह प्रतिवर्ष बहुत ही व्यापकस्तर पर मनाते है । उसी का अनुपालन करते हुए संस्कृत भारती के मधुबनी शाखा भी एक अगस्त से सात अगस्त तक पंचायत,प्रखण्ड,अनुमण्डल एवं जिला स्तर पर व्यापक रूप से संस्कृत सप्ताह आयोजित करने का निर्णय लिया है । जिसके लिए जिला के सभी विद्वतजनों ,संस्कृत शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विभिन्न स्थानों पर संस्कृत सप्ताह का आयोजन करने एवं सफल बनाने का आह्वान किया ।
संस्कृत सप्ताह समारोह का विस्तृत जानकारी देते हुए नगर सहसंयोजक डॉ श्याम सुन्दर चौधरी ने बताया कि एक अगस्त को मधुबनी जिला के लखनपट्टी गाँव में रुद्राभिषेक एवं गीता पाठ का आयोजन किया जायगा । 2 अगस्त को मधेपुर प्रखण्ड के बाथ गाँव में पंचायतस्तरीय संस्कृत शोभा यात्रा एवं जयनगर में एक श्वांस से संस्कृत संख्या कथन का आयोजन होगा । 3,4,एवं 5 अगस्त को प्रखंडस्तीय संस्कृत शोभा यात्रा मधेपुर एवं अनुमण्डल स्तीय झंझारपुर में मनाने का निर्णय किया गया । साथ ही इन्हीं समयों में क्रियापद कथन,हास्य कणिका एवं संस्कृत पहेलिका कथन कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न प्रखण्डों में किया गया है ।
6 अगस्त को वाटसन उच्च विद्यालय से तिलक चौक पर्यन्त विशाल संस्कृत शोभा यात्रा का आयोजन किया गया है जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ,शिक्षकों, शिक्षाविदों ,पदाधिकारियों एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के सदस्यों सम्मलित होंगे । संस्कृत दिवस श्रावणी पूर्णिमा को मनाया जाता है ।इसी दिन रक्षाबन्धन है । अत: इसी दिन संस्कृत भाषा के विकास हेतु एकसूत्र में सभी बन्धने की संकल्प लेकर लखनपट्टी गाँव में ही संस्कृत सप्ताह समारोह का समापन किया जाएगा ।
उद्घाटन कार्यक्रम को डॉ.रामसेवक झा,रीता कुमारी,विजय कुमार मिश्र,डॉ.केशव चन्द्र झा, डॉ.श्याम सुन्दर चौधरी,राघवेन्द्र चौधरी,निशा सुमन,निमिषा सुमन,नेहा कुमारी सहित अन्य लोगों ने भी सम्बोधित किया ।

