मानगो अक्षेस : 16 से 31 अगस्त तक होल्डिंग कर बसूली पखवाड़ा
सर्वे एजेंसी स्पैरोटेक के क्रियाकलापों की विशेष पदाधिकारी ने की समीक्षा जमशेदपुर।
मानगो अक्षेस प्रशासन आगामी 16 अगस्त से 31 अगस्त तक बकाया होल्डिंग कर को बसूलने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि होल्डिंग कर नगर निकाय के राजस्व का प्रमुख घटक है, इसलिए अद्यतन होल्डिंग जमा नहीं करने वालों से पुराने वर्षों के बकाया कर को बसूलने के लिए उक्त अभियान चलाया जाना है। बताया कि जिन बकायेदारों का कर 2016 से पहले के वर्षों का देय है वे हर हाल में 31 अगस्त तक जमा कर दें। कहा कि मानगो अक्षेस में 2016 या इससे पहले के लिए कर की वार्षिक दर बहुत ही कम है (महज 80 रूपए प्रतिवर्ष) जो कि हर होल्डिंग धारक बड़ी आसानी से वहन कर सकता है किन्तु बावजूद इसके हजारों लोगों का टैक्स बकाया है। संजय कुमार ने अपील की कि सभी होल्डिंग धारक अपना बकाया भुगतान अवश्य और ससमय करें क्यूंकि कर जमा पर्ची किसी भी संपत्ति धारक के लिए एक आवश्यक दस्तावेज तो है ही साथ ही निकाय के राजस्व में अपनी देयता पूरी करने की अनिवार्यता भी है। संजय कुमार ने कहा कि अपने नगर निकाय को वित्तीय आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी करों का ससमय भुगतान करें ताकि आपको बेहतर सेवाएं दी जा सकें।
वर्ष 2017 और इसके बाद के कर निर्धारण दर हेतु चल रहा है सर्वे
बताया गया कि होल्डिंग कर की दर अत्यंत कम होने तथा छोटे बड़े सभी संपत्ति धारकों के लिए एक समान थी । इस विसंगति को दूर करने होल्डिंग के आकार तथा प्रकृति के समानुपाती बनाने के लिए राज्य स्तर पर सर्वे चल रहा है। उक्त सर्वे का कार्य स्पैरोटेक नामक एजेंसी कर रही है। वर्ष 2017 एवं बाद के वर्षों की कर देयता उक्त सर्वे के उपरांत ही तय होगी। किन्तु 2016 या पहले के बकाया भुगतान हेतु दर 80 रु प्रतिवर्ष ही रहेगी।
स्पैरोटेक के कार्यकलापों की समीक्षा की गयी
विशेष पदाधिकारी संजय कुमार में होल्डिंग टैक्स के सर्वेक्षण का कार्य कर रही एजेंसी स्पैरोटेक के कार्यों की आज मासिक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पता चला कि एजेंसी ने शहर में लगभग 20 हजार घरों तक सर्वे के प्रपत्र बांटे थे जिनमे से लगभग 8000 लोगों ने फॉर्म भरकर वापस जमा कर दिए हैं। मानगो अक्षेस अंतर्गत लगभग 45000 होल्डिंग धारक हैं जिनका कम्पूटराइज्ड डेटाबेस भी तैयार किया जा रहा है पिछले एक माह में लगभग 3200 लोगों का डाटाबेस बन गया है। उन्होंने एजेंसी के सभी कर्मियों को दो माह में सर्वे कार्य पूर्ण करने का निदेश दिया।
