
ऽ हुरलुंग और केशरपुर के हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का ऑनलाइन उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा कल रांची के प्रभात तारा मैदान से किया जाएगा


ऽ दोनों ही जगह के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में चिकित्सा के साथ योग का प्रशिक्षण भी
जमशेदपुर।
राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान से कल पूरे देश में आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। साथ ही राज्य भर के 10 हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का ऑनलाइन शुभारंभ भी इस अवसर पर प्रधानमंत्री करेंगे। उक्त हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में पूर्वी सिंहभूम के गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड के हुरलुंग स्थित वैलनेस सेंटर तथा घाटशिला प्रखंड के केशरपुर स्थित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का भी ऑनलाइन उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। हुरलुंग के हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में किए जा रहे में योगाभ्यास व्यवस्था, आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर भवन के साथ टू वे कम्युनिकेशन के माध्यम से जुड़ने के साथ ही प्रधानमंत्री केशरपुर के हेल्थ एंड वैलनेस में संचालित फार्मेसी की व्यवस्था से भी रूबरू होंगे। कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं का जायजा आज उपायुक्त श्री अमित कुमार ने लिया।
कैमरा, इंटरनेट कनेक्टिविटी, कार्यक्रम की ब्रांडिंग, एलईडी स्क्रीन उपस्थापन, टीवी, कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था इत्यादि का अवलोकन करने के पश्चात् महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को प्रदान किए।
हुरलुंग स्थित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग इलाज के लिए लाइन लगाए हुए थे। जिसको देखकर उपायुक्त ने कहा कि हर्ष का विषय है कि लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के विषय में जागरूक हो रहे हैं। ज्ञात हो कि इस योजना के तहत् लाभुक परिवार को 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा मुफ्त में किया जाएगा। सभी लाल एवं पीला राशन कार्डधारी इस योजना के लाभुक रहेंगे।’ झारखंड के 57 लाख परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, निदेशक राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी गण, संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा अन्य लोग उपस्थित थे।

