
जमशेदपुर।


टेल्को के शिक्षा निकेतन स्कूल की छात्रा ‘दिव्या सिंह’ के पढ़ाई हेतु मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने अपने विवेकाधीन अनुदान राशि के तहत सहयोग राशि स्वीकृत किया है। इस आशय का चेक मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के आवासीय कार्यालय पर छात्रा को सौंपी गयी। दिव्या सिंह टेल्को के शिक्षा निकेतन स्कूल की कक्षा नौंवी की छात्रा है। आर्थिक कठिनाईयों के कारण छात्रा के अभिभावक स्कूल फ़ीस का भुगतान नहीं कर पा रहे थें। महँगी स्कूली शिक्षा एवं विलंब भुगतान का अतिरिक्त जुर्माना शुल्क जमा कर पाना छात्रा के माता-पिता के लिए असंभव सा रकम हो रही थी। किसी तरह पिछले कुछ वर्षों से कर्ज़ लेकर अभिभावक बच्ची को पढ़ा रहें थे। किंतु समय पर फ़ीस भुगतान कर पाना हर बार मुश्किल होती थी। छात्रा के पिता एलबी सिंह एक ठेका कंपनी में अस्थाई कर्मचारी हैं। वे अस्वस्थ्य भी रहते हैं। इसके कारण परिवार की आर्थिक स्थिति मज़बूत नहीं थी। छात्रा की माँ मालती देवी दूसरों के घरों में काम कर के किसी तरह परिवार पाल रहीं हैं।
अप्रैल माह से शैक्षणिक सत्र 2018 शुरू होने के बाद से अबतक स्कूल फ़ीस नहीं जमा की जा सकी थी। स्कूल द्वारा भी लगातार नोटिस के माध्यम से फ़ीस भुगतान करने का आग्रह की जाती थी। बेटी की पढ़ाई न छूट जाए इस बात से चिंतित माँ ने भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद से सहयोग का निवेदन किया। इसके बाद 17 जुलाई को मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया। यह निवेदन भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के हस्तक्षेप से मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास तक पहुँची। मुख्यमंत्री ने इस आग्रह पर संज्ञान लेते हुए आर्थिक मदद की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने बच्ची के इस वर्ष के पढ़ाई और स्कूल फ़ीस के ख़र्च के आशय से पच्चीस हज़ार रुपये की आर्थिक मदद अपने विवेकाधीन अनुदान के तहत स्वीकृत किया।
मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने अपने आवासीय कार्यालय पर छात्रा दिव्या को चेक सौंपते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। कहा कि शिक्षा एवं बेटियों के प्रति संवेदनशीलता मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रघुवर सरकार एवं भारतीय जनता पार्टी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के पीएम मोदी जी के सोच को मूर्तरूप देने हेतु कटिबद्ध है। मौके पर भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी ने इस सहयोग के लिए सीएम के प्रति आभार जताया। वहीं शिक्षा निकेतन स्कूल की प्राचार्या सुनीता डे को भी धन्यवाद दिया। कहा कि दो माह पूर्व प्राचार्या से दूरभाष पर वार्ता कर फ़ीस के मामलों में बच्चों को क्लास एवं परीक्षाओं से ना रोकने का निवेदन किया गया था। शिक्षा निकेतन की प्राचार्या ने इस संदर्भ में सकारात्मक सहयोग करते हुए शहर के अन्य निज़ी स्कूलों के लिए भी एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने इस संदर्भ में भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के सहयोग के लिए भी कृतज्ञता ज़ाहिर की है। वहीं चेक प्राप्त करने के उपरांत छात्रा दिव्या एवं उनके अभिभावकों ने मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रति आभार व्यक्त किया। चेक सौंपने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के संग पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद मौजूद थें।

