
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मंगलवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए टी-20 सीरीज के बारिश से बाधित तीसरे व निर्णायक मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 रनों से हरा दिया। इसके साथ भारत ने जहां टी-20 सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया, वहीं उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार टी-20 सीरीज जीतने में भी सफलता हासिल की है।


भारत की ओर से दिए गए 68 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित आठ ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 61 रन ही बना पाई। न्यूजीलैंड के ग्रेंडहोम 17 व सेंटनर 3 रन बनाकर नाबाद रहे। मैच में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए बुमराह को मैन ऑफ दा मैच तथा मैन ऑफ दा सीरीज चुना गया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत भी खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में ही मार्टिन गुप्टिल 1 को क्लीन बोल्ड कर दिया। अगले ही ओवर में बुमराह ने मुनरो 7 को भी रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद चौथे ओवर में कुलदीप यादव ने पहले तो कप्तान विलियमसन 8 को रन आउट करा दिया तथा अगली ही बॉल पर फिलिप्स 11 को धवन के हाथों कैच कराकर भारत को लगातार दो सफलता दिला दी।
इसके बाद बुमराह ने निकहोल्स 2 को अय्यर के हाथों कैच करा दिया। अंत में ग्रेंडहोम ने टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। भारत की ओर से बुमराह ने दो तथा भुवनेश्वर कुमार व कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले बारिश के कारण मैच करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हो सका। ऐसे में अम्पायरों ने मैच को 8-8 ओवर का ही कराने का निर्णय किया। महत्वपूर्ण मैच का टॉस न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने जीता तथा भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। पहले खेलते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। तीसरे ही ओवर में टिम साउदी ने पहले शिखर धवन 6 तथा रोहित शर्मा 8 को पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद कप्तान कोहली ने एक चौका व एक छक्का मारकर तेजी से रन बनाने का प्रयास किया, लेकिन सोढ़ी ने 13 रन पर उन्हें बोल्ट के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद मनीष पाण्डे 17 व हार्दिक पंड्या 14 ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। श्रेयष अय्यर भी महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड की ओर से साउदी व सोढ़ी ने दो-दो तथ बोल्ट ने एक विकेट लिया।

