
डेढ़ दर्जन थोक व्यवसायियों ने 105 टन पॉलिथीन का वर्तमान भंडार किया स्वीकार
पर्यावरण के हित में सरकार के आदेश का पालन करने का दिया वचन
जमशेदपुर। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति कार्यालय में विशेष पदाधिकारी संजय कुमार की अगुआई में आज शहर के डेढ़ दर्जन बड़े पॉलिथीन स्टॉकिस्ट के साथ पॉलिथीन प्रतिबन्ध के शत प्रतिशत अनुपालन हेतु दोपक्षीय बैठक हुई। बैठक में संजय कुमार ने पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के बारे में बताने के साथ साथ इसके उन्मूलन हेतु हाल ही में किये गए सरकारी प्रावधानों के बारे में थोक व्यवसायियों को विस्तृत जानकारी देते हुए उनकी जवाबदेही बताई। सभी स्टॉकिस्ट से उनके पास मौजूदा पॉलिथीन स्टॉक के बारे में पूछा गया जिस पर अलग अलग व्यापारियों ने अपने यहाँ एक टन से लेकर 20 टन तक स्टॉक की बात स्वीकार करते हुए सामूहिक रूप से लगभग 105 टन वर्तमान स्टॉक होने की जानकारी दी । संजय कुमार ने उक्त स्टॉक को 14 नवम्बर से पहले नष्ट/ ख़त्म या निस्तारित करने का निदेश दिया। यद्यपि व्यापारियों ने अधिक समय की मांग रखी।
बंगाल से आने वाली पॉलिथीन पर रहेगी नज़र
दोपक्षीय वार्ता के क्रम में व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात, दमन दीव और बंगाल से बड़ी मात्रा में पॉलिथीन की आपूर्ति जमशेदपुर शहर और आसपास में की जाती है। इस पर संजय कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग और जिला पुलिस की मदद से उक्त परिवहन पर कड़ी नज़र रखते हुए जब्ती की कार्यवाई की जाएगी।
फुटकर दुकानदारों की बजाय पॉलिथीन के बड़े व्यापारियों पर अंकुश
बताया गया कि नो पॉलिथीन की स्थिति लाने के लिए 100 – 200 ग्राम पॉलिथीन रखने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने की बजाय पॉलिथीन के थोक डीलरों और स्टॉकिस्ट पर कार्रवाई ज्यादा प्रभावी होगा। इसलिए अभी बड़े दुकानदारों को अभियान से जोड़ा जा रहा है।
व्यापारियों ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
आमंत्रित थोक व्यापरियों ने विशेष पदाधिकारी से कि पॉलिथीन पर प्रतिबन्ध होने की स्थिति में यद्यपि उनका बड़ा व्यावसायिक नुक्सान होगा किन्तु फिर भी वे पर्यवरणीय हित में वे सरकार के इस निर्णय को क्रियान्वित करने में सहयोग देते हुए प्रतिबंधित पॉलिथीन के भण्डारण , बिक्री आदि को छोड़ने को स्वेच्छा से तैयार हैं।
मौजूद रहे
इस बैठक में थोक व्यवसायियों में से उमेश साव , नवदीप सिंह, अशोक कुमार , जीतू कुमार , माँ शीतला एंटरप्राइज़, मो रिज़वान , किशोर कुमार गाँधी , मनमोहन जैन ,रणजीत स्टोर ,दीप स्टोर, सोनू स्टोर्स , अख्तर प्लास्टिक्स आदि की मौजूदगी रही।

