
जमशेदपुर अभिभावक संघ ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा


संवाददाता
जमशेदपुरः निजी स्कूलों को अपनी स्कूल बस सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त डॉ अमिताभ कौशल से मिल कर जमशेदपुर अभिभावक संघ ने एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में संघ के माध्यम से प्रतिनिधियों ने शहर में सीबीएसइ व सीआइएससीइ का नॉर्म्स है कि सभी निजी स्कूलों का अपना स्कूल बस होना चाहिए. लेकिन दुःखद है कि शहर में लगभग 25 निजी स्कूल हैं, लेकिन किसी भी स्कूल द्वारा निजी स्कूल नहीं चलाया जा रहा है. कुछ इक्का-दुक्का स्कूल भले ही चलाते हैं, लेकिन वह नाकाफी साबित होता है. संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि सीआइएससीइ व सीबीएसइ बोर्ड ने अपने एफिलियेशन लॉज में साफ कर दिया है कि बच्चों को स्कूल सुरक्षित पहुंचाने व लाने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होगी. इसके लिए स्कूल का अपना निजी बस हो या फिर किसी निजी बस मालिक के साथ समझौता हो, लेकिन यह हो नहीं रहा है. हैरत की बात तो यह है कि बोर्ड के नियमों का पालन नहीं किये जाने के बाद भी निजी स्कूलों एफिलिएशन दिया गया है और यह सिलसिला जारी है. स्कूल कभी फंड का रोना रो कर या फिर जमीन की कमी का रोना रो कर इस जिम्मेदारी से भागते रहे है, जिसका असर है अभिभावक खुद ही निजी वाहन को प्रश्रय देने को मजबूर हैं. स्कूली वाहन चालकों लगातार लापरवाही के कारण बच्चे असमय मौत के मुंह में समा रहे हैं.
प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से गुहार लगायी है कि वे निजी स्कूलों को आदेश दें कि वे स्कूल बसों की व्यवस्था करें. अगर स्कूल प्रबंधन इन बातों को नहीं मानते हैं, तो उनके खिलाफ बोर्ड को लिख कर अनुशंसा की जाये कि वह ऐसे स्कूलों की मान्यता (एफिलिएशन) रद्द करे.
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार ने किया

