
पीएन सिंह को भाजपा जिलाध्यक्ष की दो टूक, “…अगर वे बेवफ़ा हैं, तो तू अपनी वफ़ा तो साबित कर”
जमशेदपुर।
पिछले दिनों एग्रिको में आयोजित मज़दूर सभा में टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष पीएन सिंह द्वारा सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास को लेकर की गयी टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सोमवार को प्रेस-विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने सीधे तौर पर पीएन सिंह को नसीहत दी है कि यूनियन चुनाव में लाभ लेने के लिए सीएम रघुवर दास के नाम को वे प्रयोग में न लायें। कहा कि सीएम आवास के नज़दीक मज़दूर सभा आयोजित कर मुख्यमंत्री को मज़दूर विरोधी बताना राजनीति से प्रेरित है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि पीएन सिंह ने अपने कार्यकाल में मज़दूरों का हित किया होता तो अभी यूनियन चुनाव में ‘रघुवर’ नाम का जप नहीं करना पड़ता। कहा कि मुसीबत में फँसने पर ही लोगों को शक्ति की याद आती है। उसी तरह मज़दूरों का भला करने में फ़िसड्डी साबित हुए पूर्व यूनियन अध्यक्ष चुनावी लाभ के लिए सूबे के मुख्यमंत्री और टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन के नाम का सहारा ले रहे हैं।
● … चल वे बेवफ़ा ही सही, तू अपनी वफ़ा तो साबित कर
भाजपा जिलाध्यक्ष ने शायरी के माध्यम से कटाक्ष करते हुए दो टूक में पीएन सिंह को नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा की दूसरों की नकारात्मकता गिनाने से बेहतर होगा कि अगर उनकी कोई एक भी उपलब्धि रही हो, तो उसे लेकर मज़दूरों के बीच जाएं। कहा कि पिछली बार अध्यक्ष रहते इन्हें मज़दूरों ने नकार दिया था। आज पिछले दरवाज़े से प्रवेश का रास्ता ढूंढ रहे हैं इसलिए रघुवर दास याद आ रहे हैं।

