
जमशेदपुर।


सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रदेश सरकार के कामकाज से जनता का विश्वास बढ़ा है। श्री दास ने कहा कि एडवांस प्लानिंग से हमें झारखंड में भाजपा को अजेय बनाना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सबको जिम्मेदारी से काम करना होगा। वे जमशेदपुर महानगर भाजपा के रविवार को टेल्को स्थित श्रीराम मंदिर हॉल में आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व प्रथम सत्र की शुरुआत मुख्यातिथियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्ज्वलित करने के उपरांत महिला मोर्चा द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान के संग हुआ। इस दौरान सीएम रघुवर दास,जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो,पोटका विधायिका मेनका सरदार,भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, ,जिला पार्षद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सी एम ने सरकार को और जवाबदेह बनाने की दिशा में कार्यकर्ताओं से भी सुझाव माँगे है। कहा कि अच्छे सुझावों को सम्मानित किया जाएगा। सकारात्मक राजनीति करने की सलाह देते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को आलोचनाओं से न घबराने की बात कही। इस
दौरान सीएम ने झारखण्ड नामधारी पार्टियों को भी आड़े हाथों लिया। इनपर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने जनता को ‘झारखण्ड राज्य’ की सौगात दी, लेकिन झारखण्ड नामधारी पार्टियों ने समय समय पर सौदेबाज़ी की और राज्य का विकास अवरोध किया। सीएम ने कहा कि सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारियां पार्टी प्रवक्ताओं और मंडलाध्यक्षों को विशेष रूप से रहे, इस आशय से इन्हें विशेष अध्ययन और योजनाओं की जानकारी सम्बंधित अधिकारियों संग मिलकर लेनी होगी। कहा कि राज्य सरकार रोजगार के क्षेत्र में विशेष फोकस रखी है। आने वाले दिनों में भी स्थानीय युवाओं हेतु रोजगार के अवसर सुलभ होंगे। मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने स्वच्छता अभियान को नियमित संपादित करने को निर्देशित करते हुए उज्ज्वला योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना,मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना सरीख़े अनेकों महत्वकांशी योजनाओं से लाभुकों को लाभांवित करने हेतु पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष नसीहत दी। कहा कि सप्ताह में केवल 3 घन्टें जनता के प्रति समर्पित करें। आगामी 31 अक्टूबर सरदार वल्लभ भाई पटेल के जयंती पर जिला स्तर पर आयोजित एकता दौड़ को सफल और ऐतिहासिक बनाने हेतु महानगर भाजपा को निर्देशित किया।
सरकारी की योजनाओं को जनता तक पहुंचाए- मेनका सरदार
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक मेनका सरदार ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए युद्ध स्तर से सरकारी योजनाओं से लोगों को लाभांवित करने का आह्वाहन किया। वहीं महिलाओं के स्वालंबी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने हेतु महिला मोर्चा को महत्ती भूमिका निभाने की बात कही। जिला भाजपा की कार्यशैली को सराहते हुए उन्होंने ज़िलाध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व क्षमता को भी सराहा।
विपक्ष के पास मुद्दा नही है- विधुत वरण महतो
जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र-राज्य सरकारों अच्छे कार्यों से हताश विपक्ष मुद्दा विहीन हो चली है। अच्छे योजनाओं पर भी विरोध उनकी लाचारी को दर्शाता है। विपक्ष पर परिवारवाद,जातिवाद और अवसरवाद की राजनीति का आरोप लगाया गया। उन्होंने जुगसलाई ओवरब्रिज के वर्षों पुराने माँग में टेंडर होने को एक बड़ी सफलता बताते हुए इसे केंद्र-राज्य सरकार द्वारा शहरवासियों को दीपावली का उपहार बताया। वहीं अपने लोकसभा क्षेत्रों में लगातार किये जा रहे विकास कार्यों का लेखा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखते हुए बूथ स्तर पर इनके व्यापक प्रचार की बात कही।
पार्टी के विरुद्ध नकारत्मक टिप्पणी करने वालो पर होगी कार्रवाई- जिला अध्यक्ष
इसके उपरांत भाजपा जिलाध्यक्ष ने अध्यक्षीय संबोधन में आगामी कार्यक्रमों के निमित कार्यकर्ताओं और मंडलाध्यक्षों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। श्री दिनेश ने सोशल मीडिया पर पार्टी एवं पार्टी नेताओं पर नकारात्मक टिप्पणी करने वालों पर भी सख्ती दिखाई। कहा कि सोशल मीडिया और अखबारों में बयानबाज़ी कर सांगठनिक बातों को उज़ागर करने वालों पर गाज गिरना तय है। बैठे बिठाये विपक्ष को मुद्दा देने से कार्यकर्ता परहेज़ करें। इसके निमित मंडलाध्यक्षों को जवाबदेह बनाया गया।
आगामी चुनावों में विपक्ष के अस्तित्व पर संकट– राजेस शुक्ला
दूसरे सत्र की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने कहा कि भाजपा सरकारें अंत्योदय के लक्ष्य को साधने में तेज़ी से जुटी हैं। वहीं जमशेदपुर भाजपा की कार्यपद्धति पर हर्ष ज़ाहिर करते हुए इसके सूबे में अव्वल बताया। कहा कि जिस तेज़ी से कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं को लाभुकों तक पहुंचाने को संकल्पबद्ध हैं इस आँधी में आगामी चुनावों में विपक्ष के अस्तित्व पर संकट के बादल छाएंगे।
प्रत्येक बूथ के स्मार्टफ़ोन धारक कार्यकर्ताओं की सूची एक सप्ताह में तैयार- सत्येन्द्र कुमार
भाजपा के जिला प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने द्वितीय सत्र को संबोधित करने हुए सांगठनिक दृष्टिकोण से कार्यकर्ताओं को विशेष निर्देश दिये। बूथ अध्यक्षों एवं भवन और पंचायत प्रमुखों के मनोनय के संग ही प्रत्येक बूथ के स्मार्टफ़ोन धारक कार्यकर्ताओं की सूची एक सप्ताह में तैयार करने को कहा। इसके अलावे प्रत्येक बूथों के लिए पार्टी की ओर से बूथ लेवल एजेंट तैयार करने को निर्देशित किया। पार्टी कार्यक्रमों की अनदेखी करने वाले मंडलाध्यक्षों को भी हिदायत दी गयी। कहा कि रघुवर सरकार बेहतर कार्य कर रही है। वैश्विक मानचित्र पर ध्रुव की भाँति हमारा राज्य चमकेगा इसके निमित माननीय मुख्यमंत्री प्रयत्नशील हैं।
बारी मुर्मू मे राजनितिक प्रस्ताव पेश किया
इससे पूर्व जिला उपाध्यक्ष बारी मुर्मू ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जिसे व्यापक चर्चा के बाद पारित किया गया। राजनीतिक प्रस्ताव के जरिये केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की सराहना की गई। ख़ास तौर पर केंद्र सरकार द्वारा वस्तु और सेवा कर में सरलीकरण,पारदर्शी और मज़बूत अर्थव्यवस्था हेतु नोटबन्दी और मुख्यमंत्री रघुवर दास की जापान यात्रा को सराहा गया।
निम्नलिखित विधायक पास हुआ
राज्य सरकार के एक हजार दिनों के सफल कार्यकाल के लिए कार्यसमिति ने बधाई देते हुए “धर्म स्वतंत्र विधेयक” पारित करने हेतु सरकार को सराहा। इसके अलावे कोल्हान के प्रमुख अस्पताल एमजीएम को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने और इसमें 500 बेड की अतिरिक्त सुविधा बढ़ाने के प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजने की कार्यसमिति ने जमकर सराहना की। शहर में एयरपोर्ट स्थापना हेतु जिला उपायुक्त के सर्वेक्षण रिपोर्ट पर सरकार द्वारा जल्द सकारात्मक निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई गई। वहीं टीएमएच अस्पताल में दाखिला शुल्क वृद्धि के मामले की कार्यसमिति ने कड़ी निंदा करते हुए पूर्ववत व्यवस्था लागू करने की माँग की। इस दौरान खाद्य-आपुर्ति एवं संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय द्वारा राशन वितरण में आधार-कार्ड की अनिवार्यता समाप्त करने और पारदर्शिता हेतु डायरेक्ट बेनिफिट स्कीम लागू करने हेतु विशेष आभार और कृतज्ञता व्यक्त की गयी। कार्यसमिति ने शहरों को प्रदूषणमुक्त बनाने को सीएम द्वारा ट्रैफिक फ़्री जोन के प्रस्ताव का भी स्वागत करते हुए इसे प्रदुषण मुक्ति की ओर सकारात्मक कदम बताया।
इस दौरान कार्यसमिति में हुए व्यापक चर्चाओं के उपरांत कई राजनीतिक प्रस्ताव पारित हुए जिससे संगठन सरकार का ध्यानाकृष्ट कराएगी :
- जनहित के कार्यों में गति और पारदर्शिता लाने हेतु प्रशासनिक पदाधिकारियों को जवाबदेह बनाने की माँग।
● आदिवासियों के धार्मिक स्थल लुगुबुरु,लालपनिया,बोकारो के भ्रमण हेतु मुख्यमंत्री तीर्थ स्थल भ्रमण योजना के तहत सुविधा बहाल करने।
● जाती एवं आवासीय प्रमाण पत्रों की समय सीमा बढ़ाने की माँग
● मुद्रा लोन देने हेतु बैंको को अधिक जवाबदेह बनाने
● झारखण्ड के सभी तीर्थस्थलों को मुख्यमंत्री तीर्थ योजना से जोड़ने की माँग
● जमशेदपुर-राँची सड़क मार्ग को युद्ध स्तर पर अविलंब मरम्मत करवाने
● को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज को पुनः मान्यता प्रदान करने की माँग ।
इसके अलावे आगामी कार्यक्रमों के 31अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय एकता रैली के अलावे 7नवंबर तक विभिन्न मंडलों में कार्यसमिति की बैठकें संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावे राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 01 से 15 नवंबर तक विभिन्न मण्डलों में प्रभात फेरी एवं कार्यक्रम आयोजित कर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने के संग ही 25दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के निमित जिला स्तर पर आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में सभी मण्डलों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बातें कही गयी।
टेल्को में पहली बार आयोजित उक्त बैठक धार्मिक मायनों से भी महत्वपूर्ण रही। रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अक्षय नवमी को श्रीराम मंदिर में स्थित आंवले के वृक्ष के समक्ष भोजन भी किया। जिला कार्यसमिति की बैठक में स्वागत भाषण जिला उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने किया।

