
जमशेदपुर। ब्रह्ममानंद नारायण मल्टीस्पेशियलिटी हाॅस्पिटल (बीएनएमएच) द्धारा रविवार को कैंसर के बारे में जागरुकता पैदा करने के उदेश्य से वॉकथॉन का आयोजन किया गया। वाॅकथान की शुरूआत कीनन स्टेडियम के पास मोदी पार्क से सुबह 6.30 बजे हुई। इस मौके पर अतिथि के रूप में उपस्थित कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शुक्ला मोहंती, विश्व मुक्केबाजी चैंपियन अरुणा मिश्रा, सीनियर कंसलटेंट, ओबीएस एंड ग्यानी डॉ रागिनी सिंह एवं बीएनएमएच के सुविधा निदेशक वेंकटेश्वरु मारापक ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर एवं सजावट किया हुआ गुलाबी रंग का गुब्बारा को आसमान में उड़ा कर वॉकथॉन को रवाना किया। वॉकथॉन मोदी पार्क से शुरू होकर साकची के विभिन्न मार्गो से होते हुए वापस मोदी पार्क में आकर संपन्न हुआ। वॉकथाॅन का कुल दूरी 3.5 किलोमीटर था। इसमें कॉर्पोरेट हाउस, मीडिया हाउस, शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सेवा, सरकारी निकाय, प्रतिष्ठित क्लब व सोसाइटी, स्कुल व काॅलेज के छात्र, रेडियो धूम टीम और विभिन्न समाज के हर वर्ग और सभी आयु वर्ग के 3000 से ज्यादा लोग शामिल हुए, जिसमें अस्पताल के डॉक्टरों की टीम भी शामिल थी।
झारखंड में कैंसर से मरने वालों की संख्या अधिक
कैंसर विशेषज्ञ डा. अमित कुमार (मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट) और डॉ. आशीष कुमार (सर्जिकल आॅन्कोलॉजिस्ट) कैंसर के बारे में जागरुकता पैदा करने और रोकने के लिए उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिये। उन्होंने कहा कि हालांकि समय पर यानी प्रारंभिक स्टेज में कैंसर रोग की पहचान हो जाए तो इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। झारखंड में महिलाओं में स्तन कैंसर व पुरुषों में ओरल कैंसर के मरीज ज्यादा पाये जा रहे हैं। झारखंड में कैंसर के मरीज काफी कम हैं, लेकिन कैंसर से मरने वालों की संख्या काफी ज्यादा है। इसका मुख्य कारण है लोगों में जागरूकता की कमी। जागरूकता के अभाव में लोग इसका इलाज नहीं करा पाते हैं, जिससे उसकी मौत तक हो जाती है, लेकिन अगर इसका सही समय पर जांच कर इलाज किया जाये तो आसानी से ठीक किया जा सकता है। कैंसर रोग भारत में तेजी से बढ़ रहा हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक लाखों से ज्यादा लोग कैंसर के विभिन्न रूपों से पीड़ित हैं। हम लोगों के प्रति प्रतिरक्षाकारी स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर जागरूकता पैदा करने का इरादा रखते हैं और इस वॉकथाॅन के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। आगे भी इस तरह का प्रयास जारी रहेगा।
मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट का उद्घाटन
कैंसर पीड़ित रोगी, जिनका इलाज चल रहा हैं और वे स्वास्थ्य हैं, ऐसे लोगों को आॅन्कोलॉजी टीम और सुविधा निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही सार्वजनिक रूप से उनके विचार साझा किए। मौके पर सुविधा निदेशक वेंकटेश्वरु मारापका द्वारा मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट का उद्घाटन किया गया। मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट ग्रामीण क्षेत्रों में जाएगी और कैंसर पीड़ित रोगियों की वहीं जांच की जायेगी। अस्पताल के सुविधा निदेशक नेे कहा कि इस मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट में कैंसर जांच की सभी सुविधा उपलब्ध है। बस को गांवों में ले जाकर महिलाओं व पुरुषों की जांच की जायेगी। इसके साथ ही लोगों के बीच कैंसर बीमारी के बारे में जागरूकता फैलाने का काम किया जायेगा, ताकि वे लोग समय पर इलाज करा सकें। इसे रोकने के लिए ब्रह्मानंद अस्पताल में अब कैंसर की निःशुल्क जांच की जा रही है। रेडियो पार्टनर रेडियो धूम टीम द्वारा स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी किया गया। अंत में वेंकटेश्वरु मारापक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

