
चाईबासा।ड़

दुल्हन को पिता और भाई का अपमान बर्दाश्त नहीं हुआ तो उसने शादी से इंकार कर दिया। विवाद दहेज के दो लाख रुपए को लेकर हुआ, जब दूल्हे ने मंडप से उठकर दुल्हन के भाई और बड़े पिता को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद दुल्हन ने मंडप छोड़ते हुए शादी से इंकार कर दिया।
चाईबासा के बड़ा नीमडीह निवासी संदीप कुमार साहू का विवाह देवघर जिले के मार्गो मुंडा गांव निवासी रिचा कुमारी के साथ तय हुआ था। चाईबासा के रविंद्र भवन में विवाह का कार्यक्रम रखा गया था। मैरेज हाउस चाईबासा से बारात रविंद्र भवन पहुंची ,उसके बाद स्वागत से लेकर सिंदूर दान के पहले तक सभी रस्मे समान रुप से चली। सिंदूरदान के समय वर पक्ष ने दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग कर दी, इस पर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि दूल्हा तमतमाते हुए मंडप से उठ गया और दुल्हन के एक भाई और बड़े पिताजी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी और शादी रोक दी गई
शादी से इनकार करने वाली लड़की रिचा कुमारी ने बताया कि ऐसे परिवार में शादी करना ठीक नहीं, जहां इंसान से ज्यादा रुपयों को अहमियत दी जाती है। मैं कतई ऐसे आदमी से शादी नहीं करूंगी, जो मेरे परिवार को अपमानित करे। 
हालांकि बाद में सामाजिक समझौते की भी कोशिश हुई, लेकिन लड़की ने पूरी तरह शादी से इंकार कर दिया। जिसकी वजह से दूल्हा बिना दुल्हन लिए बारात संग वापस लौट गया।

