
रांची : खूंटी सीमा के दुलमी गांव में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में रांची के एसएसपी प्रभात कुमार को गोली लगी है. इस मुठभेड़ में एक जवान ( चालक) के भी शहीद होने तथा फैजल नामक जवान के घायल होने की खबर आ रही है. पुलिस को सूचना मिली थी की इस इलाके में नक्सलियों का एक दस्ता सक्रिय है. जानकारी के अनुसार इस अभियान को रांची और खूंटी पुलिस मिलकर चला रही |


अभी भी अभियान जारी है. सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार एसएसपी प्रभात कुमार को सीने के दाहिनी तरफ गोली लगी. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भरती कराया गया जहां गोली निकाल ली गयी. एसएसपी को बेहतर ईलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार एसएसपी की हालत खतरे से बाहर है.
नक्सलियों को पुलिस चौतरफा घेरने की कोशिश में लगी है. इस गोलीबारी में एक नक्सली की भी मारे जाने की खबर आ रही है. सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार अतिरिक्त बलों को भी खूंटी की तरफ रवाना किया गया है. खूंटी में लगातार नक्सली गतिविधियां तेज हो रही थी. पुलिस लगातार इन इलाकों में इन गतिविधियों पर नियंत्रण की कोशिश में लगी है.

