वरीय संवाददाता,जमशेदपुर,05 अप्रेल
जमशेदपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विद्युत वरण महतो चुनाव जीते तो अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए पूर्व की तरह सहज उपलब्ध रहेंगे। गैर कंपनी क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के लिए कार्य करेंगे व विकास योजनाओं में जनता की समुचित भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। देहात और शहर के बीच सामंजस्य स्थापित कर विकास की किरण गांवों तक पहुंचाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सेनिटेशन एवं ग्राम सभाओं के माध्यम से गांवों में विकास करेंगे। शहरी क्षेत्रों में रोजगार के लिए उद्योगों की स्थापना का प्रयास करेंगे तथा पोटका, पटमदा, बहरागोड़ा, चाकुलिया आदि क्षेत्रों को मिलाकर कृषि जोन के रूप में विकसित करेंगे। पटमदा के किसानों की सबसे बड़ी समस्या को कोल्ड स्टोरेज बनवाकर दूर करेंगे। इसके अतिरिक्त पूरे राज्य को रेल मार्ग से जोड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रोकने, रांची से लोहरदगा चंदवा टोली जैसी एवं अन्य लंबित रेल परियोजनाओं को चालू करवाने के लिए संसद में आवाज उठाएंगे। वह राज्य में विश्वस्तरीय शिक्षण संस्थान भी खुलवाना चाहते हैं। राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए भी संसद में आवाज उठाएंगे। महतो के अनुसार झारखंड विशेष राज्य की दर्जा प्राप्त करने की सारी अहर्ताएं पूरी करता है, इसलिए झारखंड को विशेष राज्य का दर्जा मिलना चाहिए। रायल्टी वैल्यू बेस्ड होना चाहिए। गाडगिल कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर रायल्टी तय की जानी चाहिए।

