
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भीतरी पुलिया के पास होटल संचालक विशाल गोराई पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार पांडे और बजरंगी कुमार महतो के रूप में की गई है।


READ MORE :ADITYAPUR NEWS :आदित्यपुर महापौर संजय सरदार ने केंद्रीय मंत्री तोखन साहू से की भेंट
क्या था पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 28 जुलाई 2026 की रात्रि को वादी विशाल गोराई अपना होटल बंद करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में भीतरी पुलिया के पास नामजद अभियुक्त विक्की पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर जान मारने की नीयत से फायरिंग कर दी थी। इस गोलीबारी में विशाल गोराई को कमर के पास एक गोली लग गई थी, जिसके बाद आदित्यपुर थाना कांड संख्या 211/26 के तहत धारा 109/61(2) BNS और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
निशानदेही पर हथियार बरामद, अन्य की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस ने अनुसंधान तेज किया और कांड के प्राथमिक अभियुक्त विक्की कुमार पांडे (उम्र करीब 34 वर्ष, पिता- देवेंद्र नाथ पांडे, निवासी- गम्हरिया स्टेशन रोड, साईं नगर, आदित्यपुर) तथा उसके सहयोगी बजरंगी कुमार महतो (उम्र करीब 20 वर्ष, पिता- हरि महतो, निवासी- खूंटी थाना चौक, सरायकेला-खरसावां) को धर दबोचा।
पुलिस ने इनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। साथ ही, गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा घटना में शामिल अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए गए हैं, जिनका सत्यापन कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का होगा आयोजन
पुलिस कार्रवाई के मुख्य बिंदु
गिरफ्तारी: विक्की कुमार पांडे और बजरंगी कुमार महतो को पुलिस ने दबोचा।
बरामदगी: आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और एक गोली बरामद।
कांड संख्या: आदित्यपुर थाना कांड संख्या 211/26 (धारा 109/61(2) BNS व 27 आर्म्स एक्ट)।
अगली कार्रवाई: अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी।


