
जमशेदपुऱ।
झारखंड सिख प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष गुरचरण सिंह बिल्ला पर 9 नवंबर को गोली चलाने की घटना में शामिल दो आरोपितों को सीतारामडेरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपित गालूडीह के महुलिया गांव का उत्तम पंडा और सरायकेला के नीमडीह थाना क्षेत्र के गुंडा गांव का राजकिशोर महतो उर्फ साधु महतो है। दोनों आरोपितों को बस स्टैंड के नजदीक से गिरफ्तार किया। दोनों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने गुरचरण सिंह बिल्ला पर गोली चलाने वाले आरोपितों के साथ थे। उनके पास से पुलिस ने एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल, 3 देसी कट्टा और 8 गोलियां बरामद की हैं। इस सबंध में एसएसपी अनूप बिरथरे ने बताया की दोनों आरोपितों को जमशेदपुर के सीजीपीसी दफ्तर के ऊपर वाले हिस्से में ठहराया गया था। वहां से इन्हें 3:00 बजे घटना को अंजाम देने के लिए ले जाया गया था। घटना को अंजाम देने वाले दो मुख्य शूटर आदित्यपुर के रहने वाले हैं। दोनों फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि इस मामले में सीजीपीसी के प्रधान गुरमुख सिंह मुखे और उनके साथी अंबे को गिरफ्तार कर पहले ही पुलिस जेल भेज चुकी है।

