
चाईबासा।


सोनुवा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने रविवार देर रात पुलिस मुखबिर बताते हुए दो युवकों की गला काटकर हत्या कर दी। दोनों युवकों के सिरकटे शव लोंजो गांव के पुरनियासाई व कुदाबुरू टोले से बरामद किये गये हैं। दोनों घटनास्थल एक दूसरे से लगभग दो किमी की दूरी पर हैं। इधर, घटना के बाद से गांव के लोग सहमे हुए हैं।
ग्रामीणों ने देखे शव, गांव में दहशत :
सूचना के अनुसार सोमवार को ग्रामीणों ने दोनों स्थानों पर सिरकटे शव देखे, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे एसडीपीओ अजय केरकेट्टा सोनुवा पुलिस व सीआरपीएफ जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में किया। पुलिस ने लोजों गांव की पुरनिया साई-कुदाबुरू सड़क से 25 वर्षीय युवक धनसिंह जामुदा व कुदाबुरू टोला स्थित नहर के किनारे से कुदाबुरू निवासी 38 वर्षीय लोबो लोहार उर्फ तेलेंग का शव बरामद किया।
दोनों शवों के पास मिले नक्सली पोस्टर
: नक्सलियों ने दोनों की हत्या का कारण पुलिस मुखबिरी बताया है। पोस्टर में धनसिंह जामुदा जैसे पुलिस मुखबिर (एसपीओ) को चुनचुनकर जन अदालत में सजा देने की बात लिखी गई है। वहीं, निवेदक में भाकपा माओवादी लिखा है।
दोनों गांवों में पसरा सन्नाटा, दहशत
नक्सलियों द्वारा रविवार लोंजो के पुरनियासाई निवासी रिटायर्ड शिक्षक हीरालाल के 25 वर्षीय पुत्र धनसिंह जामुदा व कुदाबुरू गांव निवासी 38 वर्षीय लोबो लोहार की हत्या से क्षेत्र में दहशत है। गांव वाले घटना से काफी डरे हुए हैं। सोमवार को जब पुलिस दोनों गांवों में पहुंची तो सन्नाटा पसरा हुआ था।
घर से उठा ले गये हथियार बंद नक्सली .
पत्नी शुरूमनी जामुदा ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे धनसिंह जामुदा सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी किसी ने दरवाजा खोलने के लिए उन्हें आवाज दी। दरवाजा खोलते ही हथियारबंद नक्सलियों ने धनसिंह को कब्जे में ले लिया और बाहर से सभी घरों की कुंडी लगा दी। जिससे घर के लोग बाहर नहीं निकल सके। सुबह उनका सिरकटा शव घर से कुछ दूरी पर लोजों-कुदाबुरू सड़क पर मिला।
छह बच्चे हो गये अनाथ
कुदाबुरू गांव निवासी मृतक लोबो लोहर के छह छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटा व तीन बेटियां शामिल हैं। लोबो के 12 वर्षीय पुत्र राजू लोहर व 10 वर्षीय गणेश लोहर मध्य विद्यालय निलायगोठ में कक्षा चार में पढ़ते हैं। दोनों बेटों ने बताया कि उनके पिता की मौत के बाद उन्हें देखने वाला कोई नहीं है। उनकी पढ़ाई बंद हो जायेगी।
छह माह पूर्व हुई थी धनसिंह की शादी :
करीब छह माह पहले ही लोंजो के पुरनियासाई के धनसिंह जामुदा का शादी शुरूमनी से हुई थी। धनसिंह की मौत की खबर सुनकर शुरूमनी की स्थिति खराब हो गई थी।
घटना स्थल तक पैदल गई पुलिस :
घटनास्थल घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में होने के कारण सोमवार दोपहर सोनुवा पुलिस व सीआरपीएफ 60 बटलियन के जवान पैदल ही दोनों घटनास्थलों तक गये। ऐसा सुरक्षा की दृष्टि से किया गया। दोनों घटनास्थलों पर पुलिस ने मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद दोनों शवों को कब्जे में किया।
।

