
अहमदाबाद।


द नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग (आईएनएई) ने इंडिया ऐंड साउथ ईस्ट एशिया एवं टाटा स्टील के एमडी टी वी नरेंद्रन को ’द फेलो ऑफ द इंडियन नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग’ से सम्मानित किया है। श्री नरेंद्र को यह प्रतिष्ठित सम्मान इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और बड़े वैज्ञानिक संस्थानों के निर्माण में उनके ऊर्जावान नेतृत्व के लिए दिया गया है।
आज स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद में आईएनएई के वार्षिक सम्मेलन के दौरान आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें यह फेलोशिप प्रदान किया गया। शानदार इंडक्शन सेरेमनी में फेलोशिप सर्टीफिकेट सौंप कर श्री नरेंद्रन को एकेडमी में औपचारिक रूप से शामिल किया गया।
आईएनएई काउंसिल ने इस वर्ष 26 अगस्त को फेलोशिप प्रदान करने की घोषणा की थी, जो नवंबर 2016 से प्रभावी है। श्री नरेंद्रन के मार्गदर्शन और सक्रिय सहभागिता से एकेडमी की गतिविधियां और इसके कार्यक्रम काफी समृद्ध होंगे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री नरेंद्रन ने कहा, ‘‘मैं टाटा स्टील में अपने सभी सहकर्मियों और इंजीनियरिंग व टेक्नोलाॅजी बिरादरी की ओर से यह फेलोशिप ग्रहण करता हूं। इस सम्मान के साथ नवाजा जाना भी एक सम्मान है। इस अवसर पर मैं इंडियन नेशनल एकेडमी आॅफ इंजीनियरिंग को इस सम्मान के लिए धन्यवाद देता हूं और अपने सहयोग का आश्वासन देता हूं।’’
‘द इंडियन नेशनल एकेडमी आॅफ इंजीनियरिंग’ की स्थापना 1987 में की गयी थी। यह विशिष्ट इंजीनियरों और टेक्नोलाॅजी विशेषज्ञों का एक ‘साथी’ निकाय है। एकेडमी के दायरे में सभी इंजीनिरिंग पेशों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलाॅजी के अभ्यास और राष्ट्रीय महत्व की समस्याओं के समाधान में उनके अनुप्रयोगों को प्रोत्साहित करना और आगे बढ़ाना है। यह एकेडमी ‘इंटरनेशनल काउंसिल आॅफ एकेडमीज आॅफ इंजीनियरिंग ऐंड टेक्नोलाॅजी साइंसेज’ का एक सदस्य भी है। वर्तमान तिथि तक आईएनएई के 756 भारतीय और 69 विदेशी फेलो हैं। श्री नरेंद्रन को एकेडमी में शामिल किया जाना काॅर्पोरेज जगत ही नहीं, पूरे इंजीनियरिंग व टेक्नोलाॅजी समुदाय के लिए निश्चिित रूप से गर्व की बात है।

