सरायकेला-खरसावां:- समाहरणालय स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री अरवा राजकमल ने कोविड मानको का पालन (शारीरिक दुरी, फेस मास्क का उपयोग इत्यादि ) सुनिश्चित करते हुए जनता दरबार में आये लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उपायुक्त को जिला के विभिन्न प्रखंडों से आये लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन संबंधित मामले , वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, पेयजल से संबंधित मामले थे। उपायुक्त ने इस दौरान सभी शिकायत के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निदेश दिया।
उपायुक्त ने जनता के समस्याओं से अवगत हो कहा कि आपकी समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि आप सब अपनी शिकायतें बेझिझक सामने लाएं। अपने आसपास के लोगों को भी जनता दरबार के बारे में जानकारी दें। वैसे लोग जो अपनी शिकायत जिला प्रशासन तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं, वैसे लोगों को जागरूक करें, ताकि सभी लोगों की समस्याओं को दूर किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा अमजनों के समस्याओं के निष्पादन हेतु प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को अपराह्न 12:00- 03:00 बजे तक अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत सभी विभागीय पदाधिकारी को कार्यालय में उपस्थित रहने के निदेश दिए गए है। जिससे आमजनों के समस्याओं से अवगत हो उसके निष्पादन हेतु अग्रसर कार्रवाई सुनिश्चित किया जा सके।
