
विजय साव,सरायकेला,25मार्च,
सरायकेला खरसावा जिला के चाण्डिल थाना के मंगलवार की सुबह पांच बजे पारंपरिक हथियारों से लैस दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के लगभग 50 से अधिक सदस्यों और ग्रामीणों ने टेंगाडीह के धुनाबरु जंगल से नौ लोगों को नक्सली होने के संदेह में पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में शर्मा सिंह, अर्जुन सिंह, ब्रम्हदेव सिंह, अनिल सिंह, और नगेन्द्र सिंह तथा चार महिलाएं प्रेमा देवी, मानती देवी, नीरा देवी व मंजू देवी शामिल हैं। इनसे पूछताछ करने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना नीमडीह पुलिस को दी। पकड़े गए लोगो ने खुद को लातेहार थाना क्षेत्र के गांव रुचुगोटा गांव निवासी बताया है। घटना के खबर मिलने के बाद जिले के एसपी मदन मोहन लाल, चांडिल पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह तथा नीमडीह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह टेंगाडीह गांव पहुंचे। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से बोरा में भरा हुआ जड़ी बूटी मिला। पकड़े गए लोगों ने पुलिस को बताया कि वे लोग जंगलों और पहाड़ों से जड़ी बूटी चुनते हैं। एसपी मदन मोहन लाल ने कहा कि इन लोगों के बारे में गहन जांच पड़ताल की जा रही है। लातेहार एसपी को इसकी सूचना दे दी गई है। चुनाव के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।