

सरायकेला।
आरक्षी अधीक्षक के निर्देशानुसार, कान्ड्रा थाना क्षेत्र के बुरुडीह गाँव में इन्सपेक्टर अरविन्द कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर तीन अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए 27 प्लास्टिक ड्रम में फुलाए जा रहे महुआ को नष्ट किया गया। इस दौरान करीब 70 लीटर महुआ शराब, शराब निर्माण में काम आने वाले दो किलो केमिकल तथा अल्युमिनियम व चदरा से बने वर्तनों को जब्त किया गया। थाना प्रभारी अरविन्द कुमार ने बताया कि छापेमारी के क्रम में पाया गया कि उक्त गाँव में हेमंत मंडल तथा भगीरथी मंडल द्वारा अवैध महुआ शराब बनाया जा रहा था एवं उसके अवशेष को स्वर्णरेखा नदी में बहाकर जल को प्रदूषित किया जा रहा था। वहीं दूसरी जगह भी कालीचरण धीवर द्वारा भी अवैध रुप से महुआ शराब बनाकर उसके अवशेष को नदी में बहाकर प्रदूषण फैलाया जा रहा है। इस बावत उपरोक्त तीनों व्यक्ति के खिलाफ कान्ड्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरु कर दी गई है। छापेमारी दल में इन्सपेक्टर अरविन्द कुमार के अलावा कान्ड्रा थाना के पुअनि सत्यदेव सिंह, सअनि विद्यार्थी कुमार, विष्णु प्रसाद समेत कई सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।

